Breaking News

बिहार: पूर्वांचल एक्सप्रेस में आधी रात को लूटपाट, यात्रियों से छीने मोबाइल और पैसे, शिकायत करने पर डांटकर भगाया

बिहार में एक बार फिर ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं. ताजा मामला समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर रेलखंड के ढोली स्टेशन के पास का है, जहां शनिवार की रात करीब 3 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेस में लूट की वारदात को अंजाम दिया गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब चार से पांच की संख्या में अपराधी ट्रेन में सवार हुए और यात्रियों से नकदी और मोबाइल फोन लूट लिए. बताया जा रहा है कि अपराधियों ने ट्रेन का वैक्यूम कर उसे करीब 25 मिनट तक जबरन रोके रखा और इस दौरान लूटपाट की. इस पूरी घटना के दौरान कोई भी सुरक्षाकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा.

घटना के बाद जब ट्रेन मुजफ्फरपुर स्टेशन पर पहुंची, तो कई पीड़ित यात्रियों ने जीआरपी से शिकायत करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने उल्टे यात्रियों को डांट-फटकार कर भगा दिया. इसके बाद यात्रियों ने रेलवे हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई और मामले की जानकारी पुलिस मुख्यालय को पत्र के माध्यम से दी. घटना की गंभीरता को देखते हुए रेल एसपी वीणा कुमारी ने मामले की जांच के लिए डीआईयू (डिटेक्टिव इन्वेस्टिगेशन यूनिट) का गठन किया है और रिपोर्ट तलब की गई है. साथ ही रेल थानेदार रंजीत कुमार से इस लापरवाही पर स्पष्टीकरण मांगा गया है.

कुछ दिन पहले दुरंतो एक्सप्रेस में हुई थी चोरी
यात्रियों का कहना है कि ढोली स्टेशन के आउटर पर ट्रेन के 25 मिनट तक खड़े रहने के दौरान अपराधियों ने पूरी वारदात को अंजाम दिया, लेकिन रेलवे की ओर से कोई भी सुरक्षा व्यवस्था नजर नहीं आई. यात्रियों के आक्रोश के बाद सुरक्षाकर्मी पहुंचे और ट्रेन का वैक्यूम दुरुस्त कर आगे रवाना किया गया. गौरतलब है कि अभी कुछ दिनों पहले ही गयाजी में दुरंतो एक्सप्रेस में चोरों ने चार बोगियों में लूटपाट की थी.

Check Also

Womens Asia Cup 2026: चैंपियन बनकर भी मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने नहीं पहुंची Team India, BCCI ने बताई पूरी वजह

Womens Asia Cup 2026 Final: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए एशिया कप …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *