Breaking News

Raipur Drug Bust: 24 घंटे में 1.27 क्विंटल गांजा जब्त, ₹64 लाख की खेप के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार और एक नाबालिग पकड़ा गया

रायपुर. रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 1 क्विंटल 27 किलोग्राम गांजा जब्त किया है कार्रवाई में 5 आरोपियों और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक सहित कुल 6 तस्करों को पकड़ा गया है. जब्त गांजे की कुल कीमत करीब 64 लाख रुपये बताई गई है.

यह कार्रवाई एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, थाना गंज और थाना आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने की. पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल एवं पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिनसन गुरिया की मॉनिटरिंग में कार्रवाई को अंजाम दिया गया.

गंज थाना क्षेत्र की कार्रवाई में 82.51 किलो गांजा बरामद
7 अक्टूबर को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि एक ऑटो में तीन व्यक्ति गांजा लेकर रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे हैं. सूचना पर टीम ने फाफाडीह चौक स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास ऑटो को रोककर तलाशी ली. ट्रॉली बैग से 82.51 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ.

मामले में मुकुन्द शर्मा, गोपाल वर्मा उर्फ गोपी और संतोष साहू को गिरफ्तार किया गया. इनके कब्जे से गांजे के साथ तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए. जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 41.25 लाख रुपये है.

आमानाका क्षेत्र में 44.79 किलो गांजा जब्त
8 अक्टूबर को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को टाटीबंध स्थित इस्कॉन टेंपल मोड़ के पास गांजा तस्करी की सूचना मिली. संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कान्हू डाकुआ, सुमित भट्टाचार्य और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को पकड़ा. तलाशी के दौरान उनके पास से 44.799 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 22.40 लाख रुपये है.

पुलिस ने दोनों मामलों में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया है. आरोपियों से गांजे की सप्लाई के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज को लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के लिए मामले में एंड-टू-एंड कार्रवाई की जाएगी.

एनडीपीएस मामलों में 190 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर कमिश्नरेट में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा अब तक एनडीपीएस एक्ट के 85 मामलों में 190 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. कार्रवाई में गांजा, नशीली गोलियां, एमडीएमए, कोकीन, हेरोइन, ब्राउन शुगर, अफीम, प्रतिबंधित सिरप सहित अन्य मादक पदार्थों और वाहनों समेत करीब 6.31 करोड़ रुपये की सामग्री जब्त की गई है.

Check Also

‘हादसे का इंतजार कर रहे हो क्या?’ सड़क के गड्ढे देख भड़के डिप्टी CM अरुण साव, मौके पर ही अफसरों की लगा दी क्लास

Arun Sao Surguja Visit: छत्तीसगढ़ से बड़ी खबर सामने आ रही है. छत्तीसगढ़ के डिप्टी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *