लोहरदगा में SIR को लेकर बड़ा अपडेट: 15 सितंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति, 19 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची

लोहरदगा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त के निर्देश पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अमित कुमार ने SIR के तहत अब तक हुई गतिविधियों और आगामी प्रक्रिया की जानकारी दी।

15 सितंबर तक दावा-आपत्ति का मौका
उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि आयोग ने प्रारूप मतदाता सूची के संबंध में दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 सितंबर 2026 कर दी है।

इस अवधि में ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, आवेदन कर सकते हैं। वहीं, 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक आयु पूरी करने वाले युवा भी फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे।

19 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावा-आपत्तियों पर सुनवाई की प्रक्रिया 14 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। इसके बाद 19 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। बैठक के दौरान जिले में SIR के तहत अब तक हुई गतिविधियों को लेकर राजनीतिक दलों से फीडबैक भी लिया गया। अधिकारियों ने सभी दलों से आगे भी प्रक्रिया में सक्रिय और रचनात्मक सहयोग की अपील की।

आम लोगों तक जानकारी पहुंचाने पर जोर
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अमित कुमार ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्रारूप मतदाता सूची, एएसडीडी सूची, दावा-आपत्ति की प्रक्रिया और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने में सहयोग करने का अनुरोध किया।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के स्थानीय प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से पात्र नागरिकों को दावा-आपत्ति दर्ज कराने और नए मतदाताओं को पंजीकरण के लिए आवेदन करने में सुविधा होगी।बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Check Also

बनारस की सड़क से दिनदहाड़े उठाई गई लड़की, फिर जो खुलासा हुआ… उसने उड़ा दिए सबके होश

वाराणसी. जिले के रोहनिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक युवती को वाहन में जबरन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *