Breaking News
rape-and-murder-accused-arrested-form-korba-crowd-protest-at-rajgamar-police-station-demanding-death-penalty

7 साल की मासूम से दुष्कर्म और हत्या का आरोपी गिरफ्तार, फांसी की मांग को लेकर कोरबा में ग्रामीणों ने घेरा पुलिस स्टेशन

कोरबा: 7 साल की मासूम से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. मासूम बच्ची के साथ हुई इस घटना के बाद से इलाके के लोगों में भारी गुस्सा था. पुलिस के मुताबिक बच्ची अपने घर से सामान लेने के लिए निकली थी और लौटकर घर वापस नहीं पहुंची. लापता बच्ची का तीन बाद शव झाड़ियों से संदिग्ध हालत में बरामद किया गया. जांच के दौरान बच्ची से गलत काम किए जाने की बात सामने आई.

दुष्कर्म और हत्या के आरोपी गिरफ्तार

शुक्रवार को जैसे ही आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस ने की वैसे ही लोगों की भीड़ ने पुलिस चौकी का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की. आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी को फांसी देने की मांग की है. वहीं, वकीलों ने ऐलान किया है कि वो आरोपी की पैरवी न्यायालय में नहीं करेंगे. दुष्कर्म और हत्या की इस वारदात से नाराज राजनीतिक और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने निंदा करते हुए कैंडल मार्च भी निकाला.

भीड़ ने किया थाने का घेराव, फांसी की मांग

आरोपी की गिरफ्तारी और पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में प्रेस वार्ता कर एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने साझा की. पुलिस ने बताया कि पीड़ित बच्ची का परिवार मूल रूप से सक्ती जिले का रहने वाला है. परिवार रोजी-रोटी की तलाश में लगभग 4 महीने पहले अपने बच्चों के साथ कोरबा के रजगामार क्षेत्र में आया था. बच्ची के पिता यहां पोल्ट्री फार्म में काम करते थे और परिवार के साथ वहीं रह रहे थे. 19 अक्टूबर को बच्ची के पिता ने उसे घर के पास स्थित राशन दुकान से सामान लेने के लिए भेजा.

बच्ची दुकान की ओर गई, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी घर वापस नहीं लौटी. पहले परिजनों ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, परिचितों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के बावजूद जब बच्ची का पता नहीं चला. तब परिवार ने पुलिस चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई.

3 दिन बाद झाड़ियों में मिला शव

बच्ची की तलाश के दौरान 22 अक्टूबर को पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में उसका शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली. सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम की मदद भी ली गई, ताकि घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए जा सके.
शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया. जिस परिवार की बच्ची को सुरक्षित घर लौटने की उम्मीद थी, उसके लिए यह घटना असहनीय दु:ख लेकर आई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिससे मौत के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा सके. पुलिस के अनुसार आरोपी ने दुष्कर्म और हत्या की बात स्वीकार की.

जांच के बाद आरोपी की गिरफ्तारी

पुलिस ने बच्ची की गुमशुदगी से जुड़े मामले की जांच के दौरान स्थानीय लोगों से पूछताछ की और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की तलाश तेज की. जांच में पुलिस के खोजी कुत्ते की मदद भी ली गई. पुलिस ने 22 अक्टूबर की देर रात बांगो क्षेत्र के जंगल में घेराबंदी कर 40 वर्षीय को गिरफ्तार किया. आरोप बालको थाना क्षेत्र के बेलगारी नाला इलाके का निवासी है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े साक्ष्यों की जांच की जा रही है. पुलिस के अनुसार आरोपी ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है.

बच्ची को चॉकलेट दिलाने के बहाने ले गया था

जानकारी के मुताबिक आरोपी की 2 बीवियां हैं. वारताद वाली जगह पर उसका आना-जाना रहता था. घटनास्थल के पास ही उसकी दूसरी बीवी रहती है, आरोपी 19 अक्टूबर को ही चॉकलेट देने के बहाने बच्ची जंगल की ओर ले गया था. जहां दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने के बाद बच्ची को मौत के घाट उतार दिया और फरार हो गया. आरोपी का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है, लेकिन वह नशे का आदि है. गिरफ्तारी के डर से बचने के लिए वो फरार हो गया था. लेकिन पुलिस ने उसे बांगों के जंगल से गिरफ्तार कर लिया.

भड़का लोगों का आक्रोश

आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आने के बाद शुक्रवार, 23 अक्टूबर को बड़ी संख्या में ग्रामीण राजगामार पुलिस चौकी पहुंच गए. प्रदर्शन में महिलाओं सहित क्षेत्र के कई लोग शामिल हुए. आक्रोशित लोगों ने पुलिस चौकी का घेराव करते हुए आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मासूम बच्ची के साथ हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है. लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच, सभी तथ्यों को सामने लाने और दोष सिद्ध होने पर आरोपी को कानून के तहत कठोरतम दंड दिलाने की मांग उठाई. प्रदर्शन के दौरान आरोपी को फांसी देने की मांग भी प्रमुखता से उठी.

19 तारीख को बच्ची के लापता होने की सूचना मिली थी. ग्रामीणों से सहयोग से हमने बच्ची को ढूंढने का प्रयास किया. बच्ची की बॉडी को हमने रिकवर कर लिया है. साइंटिफिक एविडेंस के साथ केस को पेश किया जाएगा. पोक्सो एक्ट के तहत धाराओं को जोड़ा गया है. फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए हम दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का काम करेंगे: सिद्धार्थ तिवारी, एसपी


कैंडल मार्च निकालने की घोषणा

मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने भी विरोध जताया है. कांग्रेस की ओर से शुक्रवार शाम रजगामार में कैंडल मार्च निकालने की घोषणा की गई थी. वहीं, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने भी क्षेत्र में गंभीर अपराधों को लेकर विरोध जताया और कड़ी कार्रवाई की मांग की है. घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर लगातार नाराजगी देखी जा रही है. लोगों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ऐसे अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए.
इस घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों की मांग है कि मामले की जांच तेजी से और निष्पक्ष तरीके से पूरी की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और दोषी को कानून के अनुसार सजा मिले.

Check Also

आज की ताजा खबर

एक तरफ खबर ये है कि अगर आपका घरेलू बिजली का बिल दो हजार रुपए …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *