Breaking News
dhamtari-mujgahan-murder-case-three-more-accused-arrested-seven-sent-to-jail-so-far

धमतरी का मुजगहन हत्याकांड: 3 और आरोपी गिरफ्तार, अबतक 7 लोग भेजे गए जेल

धमतरी: चर्चिंत मुजगहन हत्याकांड में पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है. जांच के दौरान अर्जुनी पुलिस ने पूर्व सरपंच चंद्रशेखर साहू के बेटे दीपांशु साहू की हत्या के मामले में 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल स्प्रिंगदार चाकू, बांस का डंडा और कपड़े भी जब्त किए.

धमतरी का मुजगहन हत्याकांड

दरअसल, घटनाक्रम 21 अक्टूबर की रात की है, जब ग्राम मुजगहन में पुरानी रंजिश को लेकर 2 युवकों पर हमला किया गया था. शिकायत के मुताबिक, रात करीब 10:20 से 10:30 बजे के बीच रत्नाबांधा और पंचवटी कॉलोनी क्षेत्र के कुछ युवकों ने सुदामा साहू के घर के सामने मुख्य मार्ग पर दीपांशु साहू और विकास साहू के साथ मारपीट की. इस दौरान डंडे और धारदार चाकू से हमला किए जाने का आरोप है. हमले में गंभीर रूप से जख्मी दीपांशु को जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. जबकि हमले में जख्मी विकास साहू का इलाज अभी जारी है.

अबतक 7 की गिरफ्तारी

अर्जुनी पुलिस ने 22 अक्टूबर को 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया था. इसके बाद 23 अक्टूबर को तीन अन्य आरोपियों को पकड़ लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों में शंकर नागरची (19), तामेश्वर नागरची उर्फ मोनू (19) और धनेश्वर नागरची (22) के नाम शामिल हैं. तीनों आरोपी रत्नाबांधा क्षेत्र के निवासी हैं. इससे पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम फनेश्वर नेताम (18), रितेश नेताम (22), लिलेश उर्फ लिलेश्वर नेताम (20) और नोहर यादव उर्फ काला (23) हैं. ये सभी रत्नाबांधा क्षेत्र के निवासी हैं. इस तरह पुलिस अब तक कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है.


चाकू, डंडे और कपड़े जब्त

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार और अन्य सामान जब्त किए गए. ताजा कार्रवाई में एक स्टील का स्प्रिंगदार चाकू, बांस का डंडा और वारदात के दौरान पहने गए कपड़े जब्त किए गए हैं. इससे पहले गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर भी घटना में प्रयुक्त चाकू, डंडे सहित अन्य सामग्री जब्त की गई थी.

एसपी के निर्देशन में कार्रवाई जारी

सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में अर्जुनी पुलिस मामले की जांच कर रही है. गिरफ्तार सभी सात आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विवेचना और वैधानिक कार्रवाई जारी है. पुरानी रंजिश से शुरू हुआ यह विवाद एक युवक की मौत और दूसरे के गंभीर रूप से घायल होने तक पहुंच गया. अब पुलिस की जांच में घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.

Check Also

आज की ताजा खबर

एक तरफ खबर ये है कि अगर आपका घरेलू बिजली का बिल दो हजार रुपए …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *