पंचायत के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है. फुलेरा गांव की राजनीति और सचिव जी की जिंदगी एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने अ रही है. लंबे समय से फैंस इसके पांचवें सीजन का इंतजार कर रहे थे. वहीं बनराकस और उनकी पत्नी क्रांति देवी ने रिलीज डेट की लेकर खूब सस्पेंस बनाया हुआ था. अब प्राइम वीडियो ने नए सीजन की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है.
इस दिन रिलीज होगा पंचायत सीजन 5
प्राइम वीडियो इंडिया ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर पंचायत सीजन 5 की रिलीज डेट बताई है. जानकारी के अनुसार, नया सीजन 3 दिसंबर 2026 से ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होगा. इस घोषणा के बाद फैंस काफी खुश हैं, क्योंकि पहले नए सीजन के इस साल रिलीज नहीं होने की चर्चा हो रही थी.
फुलेरा में फिर होगी सत्ता की लड़ाई
पंचायत सीजन 4 के अंत में गांव की राजनीति पूरी तरह बदल गई थी. चुनाव जीतने के बाद क्रांति देवी नई प्रधान बन गई थीं और उनके पति भूषण यानी बनराकस प्रधान पति बन गए थे. ऐसे में अब फुलेरा में नए प्रधान परिवार और पुराने प्रधान परिवार के बीच टकराव देखने को मिल सकता है. सचिव जी, विकास और प्रहलाद चाचा के सामने भी नई चुनौतियां आने वाली हैं.
क्या आगे बढ़ेगी सचिव जी और रिंकी की लव स्टोरी?
नए सीजन में राजनीति के साथ रोमांस भी देखने को मिल सकता है. पिछले सीजन में अभिषेक त्रिपाठी यानी सचिव जी और रिंकी के बीच नजदीकियां बढ़ती नजर आई थीं. ऐसे में फैंस जानना चाहते हैं कि क्या दोनों का रिश्ता प्यार में बदलेगा. साथ ही इसका असर मंजू देवी और पुराने प्रधान परिवार के साथ सचिव जी के रिश्तों पर क्या पड़ेगा.
पंचायत सीजन 5 की स्टार कास्ट
सीजन 5 में जितेंद्र कुमार सचिव जी, रघुबीर यादव बृज भूषण दुबे और नीना गुप्ता मंजू देवी के किरदार में नजर आएंगी. इनके अलावा चंदन रॉय विकास, फैसल मलिक प्रहलाद चाचा, संविका रिंकी, दुर्गेश कुमार बनराकस और सुनीता राजवर क्रांति देवी की भूमिका निभाएंगी. वहीं, बिनोद भी अपनी मजेदार मौजूदगी से दर्शकों को हंसाते नजर आएगा.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter