Haryana Gangwar: कभी जिगरी दोस्त थे हिमांशु भाऊ और अंकित बाबा, कार की किस्तों के विवाद ने बना दिया खूनी दुश्मन

हरियाणा में हिमांशु भाऊ और अंकित उर्फ बाबा गैंग के बीच चल रही दुश्मनी अब खूनी संघर्ष में बदल चुकी है। दोनों गैंग के बीच करीब 7 साल से चली आ रही रंजिश में अब तक 10 लोगों की जान जा चुकी है। हैरानी की बात यह है कि कभी एक-दूसरे के जिगरी दोस्त रहे हिमांशु भाऊ और अंकित बाबा आज एक-दूसरे के कट्टर दुश्मन बन चुके हैं। इस खूनी दुश्मनी की शुरुआत किसी बड़ी वारदात से नहीं, बल्कि एक कार और उसकी किस्तों को लेकर हुए विवाद से हुई थी।

रोहतक के मिलन होटल पर बुधवार देर रात हुई चार युवकों की हत्या को भी इसी गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है। इस वारदात में डीघल गांव के रिंकू, विनीत और यश उर्फ गंजू के अलावा बेरी निवासी हिमांशु की मौत हुई। बताया जा रहा है कि हमलावरों का निशाना तीन युवक थे, जबकि हिमांशु गैंग से जुड़ा नहीं था और फायरिंग के दौरान जान बचाने के लिए भागने पर उसे भी गोली मार दी गई।

2019 में दोनों के बीच थी गहरी दोस्ती
बताया जाता है कि वर्ष 2019 में रिटौली गांव निवासी हिमांशु भाऊ और अंकित बाबा के बीच गहरी दोस्ती थी। दोनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था। इसी दौरान गांव के हंसराज उर्फ हंसे ने रूट पर चलाने के लिए एक निजी बस खरीदी। बस की सुरक्षा के लिए उसने हिमांशु भाऊ से मदद मांगी। हिमांशु ने बाइक के बजाय कार की मांग रख दी।

इसके बाद अंकित बाबा के परिवार के दस्तावेजों पर लोन लेकर कार खरीदी गई। हालांकि, कार अंकित के परिवार के पास रहने के बजाय हिमांशु भाऊ के पास रही।

कार की किस्तों ने दोस्ती में डाल दी दरार
कार की किस्तें जमा नहीं होने पर बैंक कर्मचारी अंकित के घर पहुंचने लगे। इससे परेशान होकर अंकित के परिवार ने हिमांशु पक्ष से कार वापस मांगी, लेकिन कार वापस नहीं मिली। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। धीरे-धीरे दोस्ती खत्म हो गई और दोनों के बीच दुश्मनी बढ़ती चली गई।

सन्नी रिटोलिया पर फायरिंग के बाद शुरू हुई गैंगवार
कार विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव लगातार बढ़ता गया। इसी दौरान हिमांशु भाऊ ने अंकित बाबा के भाई सन्नी रिटोलिया पर फायरिंग कर दी। सन्नी इस हमले में बच गया। इसके बाद दोनों पक्षों ने अपने-अपने गैंग तैयार कर लिए और एक-दूसरे के करीबियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया।

2025 और 2026 में भी जारी रहा हत्याओं का सिलसिला
दोनों गैंग के बीच बदले की आग लगातार सुलगती रही। 1 जून 2025 को अंकित बाबा के चाचा अनिल कुमार की हत्या कर दी गई। इसके बाद फरवरी 2026 में बाबा गैंग से जुड़े दिनेश उर्फ गोगा की भी हत्या हो गई। अब रोहतक के मिलन होटल पर हुई चार हत्याओं ने इस गैंगवार को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।

अमेरिका में गिरफ्तार हुआ भाऊ, सोनीपत जेल में बंद है बाबा
हिमांशु भाऊ मार्च 2022 में रिटौली में हुई हत्याओं के बाद फरार हो गया था। बताया जाता है कि उसने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाया और UAE के रास्ते यूरोप पहुंच गया। बाद में वह पुर्तगाल और फिर अमेरिका चला गया। 22 अक्टूबर 2026 को अमेरिका के लास वेगास में उसकी गिरफ्तारी हुई।

वहीं, उसका विरोधी अंकित उर्फ बाबा वर्ष 2023 में पुलिस के हत्थे चढ़ गया था और फिलहाल सोनीपत जेल में बंद है। बताया जाता है कि अंकित के जेल में होने के बाद उसका भाई सन्नी रिटोलिया बाबा गैंग को ऑपरेट कर रहा है।

कार की किस्तों को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद आज कई परिवारों के लिए जिंदगीभर का दर्द बन चुका है। सात साल पुरानी इस दुश्मनी में लगातार हो रही हत्याओं ने हरियाणा में गैंगवार और कानून-व्यवस्था को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Check Also

Food Inflation: आम आदमी की रसोई पर महंगाई का डबल अटैक, प्याज के दाम लगभग दोगुने तो चीनी 31% महंगी

Food Inflation News: देश भर में महंगाई का असर आम लोगों पर पड़ रहा है. …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *