भोपाल: मध्य प्रदेश में 3 दिसंबर को बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। आईडीबीआई बैंक के निजीकरण के विरोध में देशभर के बैंक कर्मचारी और अधिकारी राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर रहेंगे। प्रदेश में करीब 8 हजार बैंककर्मी इस हड़ताल में शामिल होंगे। इनमें ज्यादातर क्लर्क स्तर के कर्मचारी हैं। ऐसे में बैंकों में लेन-देन और अन्य कामकाज पर असर पड़ने की आशंका है।
ऑल इंडिया बैंक एम्प्लाईज एसोसिएशन, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन और बैंक एम्प्लाईज फेडरेशन ऑफ इंडिया ने इस हड़ताल का आह्वान किया है। संगठनों के मुताबिक, देशभर के लाखों बैंक कर्मचारी और अधिकारी इसमें शामिल होंगे। हड़ताल का मुख्य मुद्दा आईडीबीआई बैंक के निजीकरण और विदेशीकरण को रोकना है।
बैंककर्मियों की मांग है कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की रक्षा की जाए और आईडीबीआई बैंक को निजी हाथों में बेचने की प्रक्रिया तत्काल रद्द की जाए। हड़ताल से पहले देशभर में प्रदर्शन, बैज पहनकर विरोध और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में भोपाल में भी बैंककर्मी प्रदर्शन कर चुके हैं।
11 बड़े बैंकों में दिखेगा असर
प्रदेश में 12 प्रमुख बैंकों में से 11 के कर्मचारी हड़ताल में शामिल होंगे। इनमें पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन ओवरसीज बैंक, यूको बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र और पंजाब एंड सिंध बैंक शामिल हैं। एसआईबी के कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल होंगे, लेकिन उनकी संख्या कम रहने की बात कही गई है।
बैंककर्मियों ने उठाए निजीकरण पर सवाल
बैंक संगठनों के पदाधिकारियों नजीर कुरैशी, दीपक रतन शर्मा, गुणा शेखरन, वैभव गुप्ता, देवेंद्र खरे, एमएस जयशंकर और भगवान स्वरूप कुशवाहा का कहना है कि आईडीबीआई बैंक का निजीकरण केवल कर्मचारियों का मुद्दा नहीं है। इसका संबंध सार्वजनिक क्षेत्र, ग्राहकों, शेयरधारकों और देश की अर्थव्यवस्था से भी है।
पदाधिकारियों के मुताबिक, जनता के पैसे से खड़े किए गए सार्वजनिक संस्थान को केवल बिक्री योग्य संपत्ति नहीं माना जा सकता। उनका दावा है कि आईडीबीआई बैंक ने पिछले वित्त वर्ष में 9,500 करोड़ रुपए से अधिक का मुनाफा कमाया है। ऐसे में इसे किसी विदेशी कॉर्पोरेट कंपनी को बेचने का फैसला समझ से परे है।
संगठनों ने सरकार से निजीकरण की वजह और बिक्री प्रक्रिया का पूरा विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है। साथ ही स्वतंत्र जांच और मूल्यांकन कराने की बात कही है। चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter