राजनांदगांव में ऐन वक्त पर रुकवाया गया बाल विवाह, दस्तावेजों की जांच में नाबालिग निकला दूल्हा

राजनांदगांव। जिले में बाल विवाह रोकने के लिए प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए एक नाबालिग लड़के की शादी रुकवा दी। जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर सोमनी क्षेत्र के ग्राम बिरेझर में गुरुवार को बाल विवाह की सूचना मिलने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची। दस्तावेजों की जांच में लड़के की उम्र कम पाए जाने पर पुलिस की मौजूदगी में विवाह रोकने की कार्रवाई की गई।

दस्तावेजों में सामने आई लड़के की कम उम्र
राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र के ग्राम बिरेझर में बाल विवाह की सूचना जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को मिली थी। सूचना मिलते ही प्राधिकरण की ओर से टीम गठित कर मौके पर भेजी गई। टीम ने गांव पहुंचकर विवाह से संबंधित जानकारी जुटाई और दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान विवाह करने जा रहे लड़के के उम्र संबंधी दस्तावेजों का परीक्षण किया गया। दस्तावेजों से लड़के के नाबालिग होने की पुष्टि हुई। इसके बाद संबंधित थाना पुलिस की मौजूदगी में विवाह रोकने की कार्रवाई की गई। टीम के समय पर हस्तक्षेप से बाल विवाह को रुकवा दिया गया।

21 वर्ष की उम्र पूरी होने पर विवाह की सहमति
कार्रवाई के दौरान बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के कानूनी प्रावधानों और कम उम्र में विवाह के दुष्परिणामों को लेकर परिजनों एवं ग्रामीणों को जानकारी दी गई। बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। साथ ही यह बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य से जुड़े अधिकारों को प्रभावित करता है। समझाइश के बाद दोनों पक्षों के परिजनों ने लड़के की उम्र 21 वर्ष पूरी होने तक विवाह नहीं कराने की सहमति जताई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम ने बाल विवाह रोकने की कार्रवाई करते हुए परिजनों को कानून के प्रति जागरूक किया।

बाल विवाह की सूचना देने प्रशासन की अपील
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने नागरिकों से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को रोकने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है। कहीं भी बाल विवाह होने की जानकारी मिलने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्थानीय पुलिस अथवा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल सूचना देने कहा गया है।

Check Also

जशपुर नगर पालिका अध्यक्ष पर पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप, SP को चिट्ठी लिखकर मांगी कानूनी कार्रवाई

जशपुर। जशपुर जिले में इन दिनों एक चिट्ठी की सियासी हलके में खासी चर्चा हो …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *