जशपुर। जशपुर जिले में इन दिनों एक चिट्ठी की सियासी हलके में खासी चर्चा हो रही है. यह चिट्ठी जशपुर नगर पालिका के अध्यक्ष अरविंद भगत के खिलाफ उनकी पत्नी प्रियतमा अरविंद भगत ने पुलिस अधीक्षक को लिखी है, जिसमें उन्होंने विवाह के बाद साथ न रखने, वैवाहिक दायित्वों से मुंह मोड़ने के अलावा मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं.
प्रियतमा अरविंद भगत ने पत्र में बताया कि उनके और नगर पालिका अध्यक्ष के वर्ष 2021 से बीच प्रेम संबंध थे. करीब चार वर्षों तक पति-पत्नी की तरह संबंध रहे. इस दौरान जीवनभर साथ निभाने व विवाह का आश्वासन दिया. चिट्ठी में बताया गया कि वर्ष 2025 में अरविंद भगत के नगर पालिका अध्यक्ष बनने के बाद से बातचीत और मिलना-जुलना कम हो गया.
इसके बाद शिकायतकर्ता व उनके परिवार के बार-बार कहने पर 7 मार्च 2026 को रायपुर स्थित आर्य समाज में विवाह संपन्न हुआ. पत्र में उल्लेख है कि विवाह के समय अरविंद भगत की ओर से सोनू पाण्डेय, अमित साय व अन्य लोग मौजूद थे, जबकि शिकायतकर्ता की ओर से बड़े भैया, भाभी, चाची, फूफा व संतोष ओहदार सहित परिजन शामिल थे.
एसपी से की कानून के तहत कार्रवाई की मांग
प्रियतमा ने एसपी से मानसिक प्रताड़ना और अन्य तथ्यों की निष्पक्ष जांच कर भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 85 व 86 या अन्य दंडनीय धाराओं के तहत संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. इसके साथ ही घरेलू हिंसा से महिला संरक्षण अधिनियम, 2005 की धारा 3, 12, 17, 18, 19, 20 व 22 के तहत संरक्षण, निवास, आर्थिक सहायता व क्षतिपूर्ति जैसी राहतों के लिए मार्गदर्शन और सहयोग मांगा गया है.
सोशल मीडिया पर लोग ले रहे हैं चटखारे
नगर पालिका अध्यक्ष की पत्नी के इस पत्र ने तो सोशल मीडिया में एक तरह से आग लगा दी है. लोग इस पत्र को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं. लोग दोनों पाले में खड़े दिखाए दे रहे हैं. एक तरफ लोग महिला का पक्ष लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष पर सवाल उठा रहे हैं, तो दूसरी ओर नगर पालिका अध्यक्ष के पक्ष में खड़े लोग घटनाक्रम को लेकर सवाल उठा रहे हैं. अब यह बात किस दिशा में जाती है, आने वाले दिनों में लोगों की नजर बनी हुई है.
पढ़िए पूरा पत्र –



INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter