बिहार में RJD नेता भगत यादव पर EOU का बड़ा एक्शन, पटना से गिरफ्तार; पत्नी-बेटा हिरासत में

गया/पटना। बिहार में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक और अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने गया के चर्चित जमीन कारोबारी और राजद नेता सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव को पटना स्थित एक फ्लैट से गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान उनकी पत्नी सुनीता देवी, जो डोभी प्रखंड प्रमुख हैं, और बेटे आर्यन कुमार को भी हिरासत में लिया गया है। छापेमारी में अब तक 19.50 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं।

गया से झारखंड तक 17 ठिकानों पर EOU की छापेमारी
डीएसपी प्रवेंद्र भारती के नेतृत्व में EOU की अलग-अलग टीमें गया, बोधगया, पटना, औरंगाबाद और झारखंड के चतरा समेत कुल 17 ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। शुक्रवार सुबह पटना से पहुंची टीम ने भगत यादव और उनके सहयोगियों से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई शुरू की। गया के एसएसपी सुशील कुमार ने भी छापेमारी की पुष्टि की है। फिलहाल हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।

करोड़ों की बेनामी संपत्ति अर्जित करने का आरोप
जांच के मुताबिक, भगत यादव पर करोड़ों रुपये की बेनामी संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। शिकायत में दावा किया गया है कि उन्होंने अपनी पत्नी, बेटे, कंपनियों और सहयोगियों के नाम पर जमीन, फ्लैट और अन्य संपत्तियां खरीदी हैं। करीब 200 एकड़ जमीन का साम्राज्य खड़ा करने का भी आरोप लगाया गया है। इसमें जमीन पर अवैध कब्जा, रंगदारी और अन्य कथित आपराधिक गतिविधियों से संपत्ति अर्जित करने की बात कही गई है।

बोधगया, शेरघाटी और बाराचट्टी में भी संपत्तियों की जांच
शिकायत में बोधगया, शेरघाटी और बाराचट्टी सहित गया जिले के कई इलाकों में जमीन, फ्लैट और व्यावसायिक संपत्तियों का उल्लेख किया गया है। आरोप है कि इन संपत्तियों को अलग-अलग व्यक्तियों और संस्थाओं के नाम पर खरीदा गया। EOU की टीम संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।

बिहार-झारखंड में दर्ज 23 प्राथमिकी का जिक्र
भगत यादव के खिलाफ बिहार और झारखंड के विभिन्न थानों में दर्ज 23 प्राथमिकी का विवरण शिकायत में दिया गया है। इनमें गया के टिकारी, रामपुर, कोतवाली, बोधगया, शेरघाटी, डोभी और बाराचट्टी के मामले शामिल हैं। वहीं, झारखंड के बोकारो, धनबाद, डुमरी और हंटरगंज थानों में दर्ज मामलों का भी उल्लेख किया गया है।

अपहरण, रंगदारी और जमीन कब्जे समेत कई गंभीर आरोप
शिकायत में भगत यादव पर अपहरण, रंगदारी, जमीन पर कब्जा, हथियार के बल पर लूट, फिरौती के लिए अपहरण, अवैध बालू खनन और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

20 साल से आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप
EOU थाने में डीएसपी साह थानाध्यक्ष संजय कुमार झा के बयान पर 26 नवंबर को कांड संख्या 34/26 दर्ज की गई थी। प्राथमिकी में भगत यादव, उनकी पत्नी, बेटे समेत कुल 11 लोगों को नामजद किया गया है।

प्राथमिकी के अनुसार, भगत यादव पर पिछले 20 से 21 वर्षों से कथित तौर पर संगठित गिरोह के साथ आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने का आरोप है। जांच एजेंसी का दावा है कि आपराधिक गतिविधियों के जरिए बड़ी मात्रा में अवैध संपत्ति अर्जित की गई है। फिलहाल EOU की कार्रवाई जारी है और छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों एवं संपत्तियों की जांच की जा रही है।

Check Also

OnePlus का नया बजट स्मार्टफोन जल्द देगा दस्तक! फ्लैट डिजाइन और ट्रिपल कैमरे के साथ आ सकता है Nord N7 Pro

नई दिल्ली। OnePlus N सीरीज इंडिया में इस साल की शुरुआत में लॉन्च किया गया …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *