कवर्धा। कबीरधाम जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत 18 संविदा पदों पर हुई भर्ती को अनियमितताओं के चलते निरस्त कर दिया गया है। भर्ती प्रक्रिया में सामने आई खामियों के बाद कलेक्टर द्वारा गठित जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर यह फैसला लिया गया। वहीं, नियुक्ति रद्द होने के बाद प्रभावित कर्मचारी अब अपनी नौकरी बचाने के लिए प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं।
भर्ती प्रक्रिया में जांच के दौरान मिलीं कई खामियां
जांच में उत्तर पुस्तिकाओं में ओवरराइटिंग, निर्धारित संख्या से अधिक प्रश्नों का मूल्यांकन और मूल्यांकनकर्ताओं के हस्ताक्षर नहीं होने जैसी अनियमितताएं सामने आईं। इसके अलावा चयन समिति की बैठकों में भी प्रक्रियागत कमियां पाई गईं। इन गड़बड़ियों को गंभीर मानते हुए प्रशासन ने पूरी भर्ती प्रक्रिया निरस्त करने का आदेश जारी कर दिया।
कर्मचारियों ने कलेक्टर को सौंपा आवेदन
भर्ती निरस्त होने के फैसले के बाद 17 नवंबर को प्रभावित कर्मचारियों ने कलेक्टर को आवेदन सौंपा। उन्होंने आदेश पर तत्काल रोक लगाने और दोबारा बहाली की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि वे पिछले करीब दो महीने से विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। यदि कुछ प्रश्नपत्रों या उत्तर पुस्तिकाओं में गड़बड़ी हुई है तो संबंधित मामलों की अलग से जांच की जानी चाहिए। सभी कर्मचारियों की नियुक्ति रद्द करना उचित नहीं है।
जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई को लेकर उठे सवाल
इस मामले में अब भर्ती प्रक्रिया में हुई अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी सवालों के घेरे में है। सीएमएचओ और डीपीएम से जब इस संबंध में सवाल किए गए तो वे स्पष्ट जवाब देने से बचते नजर आए। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि भर्ती में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है? फिलहाल कर्मचारियों को प्रशासन के फैसले का इंतजार है।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter