धमतरी। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही अवैध धान के भंडारण और परिवहन पर जिला प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। खरीदी केंद्रों में बाहरी धान खपाने की आशंका के बीच राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें गोदामों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और परिवहन मार्गों पर लगातार दबिश दे रही हैं। 15 और 16 नवंबर को जिले के विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई कर कुल 2612 कट्टा-बोरा धान जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।
अलग-अलग ठिकानों से हजारों कट्टा धान जब्त
प्रशासन की कार्रवाई से अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। नगरी तहसील में ग्राम सांकरा के व्यापारी शोभानाथ गोस्वामी के गोदाम से दस्तावेजों के अभाव में 150 कट्टा धान जब्त किया गया। सिंगपुर में चैतराम साहू के प्रकरण में 32 कट्टा धान की जब्ती हुई। नगरी में खेमचंद/केवलचंद फर्म के गोदाम की जांच में बिना वैध दस्तावेज के रखे 1178 कट्टा धान पर कार्रवाई की गई। बनरौद नाका में 300 बोरी धान जब्त कर पुलिस के सुपुर्द किया गया।
अब तक 2612 कट्टा-बोरा धान जब्त
इसी तरह धमतरी क्षेत्र के घुटकेल में 147 बोरा, उमरगांव में 300 बोरा तथा अरौद में बलराम ट्रेडिंग कंपनी के निरीक्षण के दौरान बिना पंजीयन के 55 बोरा धान जब्त किया गया। इस तरह नगरी और धमतरी क्षेत्र में सामने आई अलग-अलग कार्रवाई में कुल 2612 कट्टा-बोरा धान जब्त होने की जानकारी है।
अवैध धान कारोबार पर प्रशासन की पैनी नजर
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर प्रशासन उपार्जन केंद्रों, मंडियों, सीमावर्ती मार्गों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की निगरानी कर रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि, अवैध भंडारण, परिवहन अथवा दूसरे क्षेत्रों का धान खरीदी केंद्रों में खपाने की कोशिश करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। किसानों से भी पंजीकृत रकबे का धान निर्धारित प्रक्रिया के तहत बेचने और बिचौलियों से दूर रहने की अपील की गई है।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter