धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में बेखौफ चल रहे जुआ और सट्टे के अवैध नेटवर्क पर पुलिस के हंटर ने जुआरियों के होश उड़ा दिए हैं। 8 से 10 नवंबर के दरमियान चले 72 घंटे के ताबड़तोड़ ‘ऑपरेशन’ में पुलिस टीमों ने शहर के गली-मोहल्लों, ग्रामीण चौपालों से लेकर शहर के रसूखदार फड़ों पर एक साथ सर्जिकल स्ट्राइक की। तीन दिनों के इस अभियान में कुल 48 जुआरी रंगे हाथ दबोचे गए और उनके कब्जे से 3,29,320 रुपये नकद तथा ताश की गड्डियां जब्त की गईं।
तीन दिन, तीन स्तर: कैसे टूटा जुआरियों का चक्रव्यूह
पहला वार (08 नवंबर)- ग्रामीण व आउटर इलाकों में दबिश: पुलिस की शुरुआती कार्रवाई भखारा, सिहावा, कोतवाली और अर्जुनी थाना क्षेत्रों में हुई। जोरातराई थूहा रोड, पचपेड़ी बाजार, छिंदापुर चौपाल, टिकरापारा और तरसियों गौठान जैसे सार्वजनिक ठिकानों पर दबिश देकर 20 आरोपियों को पकड़ा गया। इनसे 9,400 रुपये नकद और ताश पत्ती बरामद कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

दूसरा वार (09 नवंबर)- 5 ठिकानों पर एक साथ छापा, अंतरजिला नेटवर्क बेनकाब: दूसरे दिन चौकी बिरेझर, थाना भखारा और सिहावा की संयुक्त टीमों ने चरोद रंगमंच, उमरगांव, देवरी बाजार चौक, भेलवाकूद्रा और बिरगुड़ी में घेराबंदी की। इस दौरान 21 जुआरियों को 10,570 रुपये नकदी के साथ गिरफ्तार किया गया। बिरेझर की कार्रवाई में अभनपुर (रायपुर) और दुर्ग जिले के आरोपी भी पकड़े गए, जिससे साफ हुआ कि सीमावर्ती इलाकों के जुआरी ग्रामीण फड़ों को सुरक्षित पनाहगाह बना रहे थे।
तीसरा वार (10 नवंबर)- सोरिद नगर में बड़ा प्रहार, 3 लाख से अधिक की नकदी बरामद: अभियान का सबसे बड़ा झटका सिटी कोतवाली क्षेत्र के सोरिद नगर, डीपो पारा रोड पर लगा। भोला साहू के घर के पास चबूतरे पर चल रहे बड़े फड़ पर पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर दबिश दी। यहां से 7 मुख्य खिलाड़ी—पुरुषोत्तम महावर, उमेश देवांगन, भोलाराम साहू, कमलेश गोयल, मनीष उर्फ मनोज राठी, गोपाल उर्फ छोटू साहू और संतोष शर्मा पकड़े गए। फड़ और आरोपियों की जेब से कुल 3,09,350 रुपये नकद (फड़ से 2,00,350 रुपये और पास से 1,09,000 रुपये) जब्त किए गए।

अवैध कारोबारियों को सख्त चेतावनी
पुलिस की इस सुनियोजित रणनीति ने साफ कर दिया है कि, महकमा अब केवल सड़क किनारे बैठने वाले छोटे जुआरियों तक सीमित नहीं है, बल्कि लाखों के दांव लगाने वाले बड़े सिंडिकेट्स पर भी सीधी नजर रखे हुए है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एसपी कार्यालय ने स्पष्ट संदेश दिया है कि, जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह धरपकड़ अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter