रायपुर। सैनिक स्कूल अंबिकापुर में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छठवीं और नौवीं में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (AISSEE-2027) का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इच्छुक और पात्र विद्यार्थी 2 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी।
2 दिसंबर तक बिना विलंब शुल्क कर सकेंगे आवेदन
सैनिक स्कूल अंबिकापुर के प्राचार्य की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, रक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित सैनिक स्कूल में प्रवेश के लिए चयन AISSEE-2027 के माध्यम से किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 3 नवंबर से शुरू हो चुकी है। आवेदन और परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 2 दिसंबर 2026 रात 11:50 बजे तक निर्धारित की गई है। जो अभ्यर्थी निर्धारित समय तक आवेदन नहीं कर पाएंगे, वे 500 रुपये अतिरिक्त विलंब शुल्क के साथ 3 से 6 दिसंबर 2026 तक फॉर्म भर सकेंगे। आवेदन में सुधार के लिए 7 से 9 दिसंबर तक का समय दिया जाएगा।
31 जनवरी 2027 को होगी प्रवेश परीक्षा
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के कार्यक्रम के मुताबिक, सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित होगी। परीक्षा केंद्र के शहर की जानकारी 11 जनवरी को जारी की जाएगी, जबकि अभ्यर्थी 25 जनवरी से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होगी और पेन-पेपर मोड में ओएमआर शीट के माध्यम से ली जाएगी। कक्षा छठवीं में प्रवेश के लिए परीक्षा की अवधि 150 मिनट यानी 2 घंटे 30 मिनट निर्धारित की गई है। यह परीक्षा 13 भाषाओं में आयोजित होगी। वहीं कक्षा नौवीं के अभ्यर्थियों को 180 मिनट की परीक्षा देनी होगी, जिसका माध्यम अंग्रेजी रहेगा।
एनटीए की वेबसाइट पर उपलब्ध है विस्तृत जानकारी
इच्छुक अभ्यर्थी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की आधिकारिक वेबसाइट https://exams.nta.nic.in/sainik-school-society/ अथवा https://nta.ac.in/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश के लिए पात्रता, आयु सीमा, आरक्षण, परीक्षा पाठ्यक्रम, परीक्षा शुल्क एवं अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी सूचना पुस्तिका में उपलब्ध है। अभ्यर्थी एवं अभिभावक परीक्षा संबंधी किसी भी जानकारी या समस्या के समाधान के लिए एनटीए हेल्पडेस्क के दूरभाष नंबर 011-40759000 अथवा 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ई-मेल aissee@nta.ac.in के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter