सूने मकान में सोना-चांदी और नकदी पर किया हाथ साफ : पड़ोसी ही निकला चोरी का मास्टरमाइंड, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

कांकेर। जिले के चारामा थाना क्षेत्र में करीब 10 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। हैरानी की बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी बदमाश नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार का पड़ोसी ही निकला। आरोपी ने सूने मकान का फायदा उठाकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। पुलिस ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का अधिकांश सामान बरामद कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, चारामा के वार्ड क्रमांक-02 निवासी रमेश मेश्राम अपने परिवार के साथ निजी कार्य से धमतरी गए हुए थे। इसी दौरान 17 जुलाई को उन्हें सूचना मिली कि उनके घर का पिछला दरवाजा खुला हुआ है। जब वे वापस लौटे तो देखा कि अज्ञात चोर पीछे के दरवाजे से घर में घुसा और अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषणों के साथ नकदी समेत करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ले गया।

घटना की सूचना मिलते ही चारामा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर संदेह की सुई पड़ोसी पवन सोनकर की ओर गई।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने निजी स्वार्थ के चलते चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद कर लिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Check Also

गंगरेल बांध में मिली भगवान नेमीनाथ की 37 साल पुरानी मूर्ति, जैन समाज ने मूर्ति को रखा सुरक्षित

धमतरी : जिले के गंगरेल बांध के बोटिंग स्थल के पास भगवान नेमीनाथ की मूर्ति …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *