विवाह के चार दिन बाद जेवर समेटकर दुल्हन फरार, परिवार ने लगाया ठगी का आरोप

सरगुजा : छतरपुर जिले के एक परिवार ने सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के जमगला गांव के एक परिवार पर विवाह के नाम पर छलपूर्वक ठगी करने और बेटे की जिंदगी के साथ खिलवाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़ित परिवार का दावा है कि शादी के महज चार दिन बाद नवविवाहिता घर से सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गई. मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने सरगुजा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है.

पीड़ित परिवार के मुताबिक, मध्य प्रदेश के बोढ़ी श्यामर, छतरपुर निवासी परिवार के बेटे का विवाह सरगुजा के लखनपुर क्षेत्र के जमगला गांव की युवती से कराया गया था. परिवार का आरोप है कि विवाह के दौरान उनसे एक लाख रुपये नगद और करीब एक लाख रुपये के जेवर लिए गए.

शादी के चार दिन बाद घर से गायब हुई दुल्हन
परिवार का आरोप है कि विवाह के बाद युवती अपने ससुराल पहुंची, लेकिन शादी के महज चार दिन बाद वह घर में रखे जेवर लेकर कथित तौर पर फरार हो गई. घटना के बाद परिवार ने युवती के मायके पक्ष से संपर्क किया और उसे वापस लाने के लिए जमगला गांव पहुंचा. पीड़ितों के अनुसार, जब वे युवती को वापस लेने पहुंचे तो वहां उनसे कथित तौर पर 50 हजार रुपये की मांग की गई. परिवार का आरोप है कि लड़की पक्ष की ओर से कहा गया कि 50 हजार रुपये देने के बाद ही लड़की को भेजा जाएगा.

पहले से शादीशुदा होने का भी आरोप
मामले में पीड़ित परिवार ने युवती और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि जिस युवती का विवाह उनके बेटे से कराया गया, वह कथित तौर पर पहले से शादीशुदा थी. पीड़ित परिवार का आरोप है कि युवती की यह तीसरी शादी थी. उनका यह भी दावा है कि वह पहले से विवाहित होने के बावजूद जमगला में एक अन्य विवाहित पुरुष के साथ उसकी दूसरी पत्नी के रूप में रह रही थी. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है.

परिवार ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार
पीड़ित परिवार ने पूरे मामले की शिकायत सरगुजा कलेक्टर से करते हुए ज्ञापन सौंपा है. परिवार ने आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने, विवाह के नाम पर हुई कथित ठगी और धोखाधड़ी की जांच करने तथा दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

परिवार का कहना है कि विवाह के नाम पर उनसे बड़ी रकम और जेवर लिए गए, इसके बाद कुछ ही दिनों में दुल्हन के चले जाने और वापस भेजने के लिए कथित तौर पर रकम मांगने से वे खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं. अब इस पूरे मामले में प्रशासन और पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विवाह से पहले युवती की वैवाहिक स्थिति क्या थी, रकम और जेवर लेने की वास्तविकता क्या है.

Check Also

सीजी पीएससी 2021 की भर्ती पर अहम फैसला : सुप्रीम कोर्ट से निर्दोष चयनित अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, राज्य सरकार की एसएलपी खारिज

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा परीक्षा- 2021 से जुड़े चयनित अभ्यर्थियों के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *