Breaking News

‘प्यार करते हो तो कलेक्टर से मिलो…’, गर्लफ्रेंड की शर्त पूरी करने 600 KM दूर दतिया पहुंचा UP का युवक, भीषण गर्मी में हुआ बेहोश

MP News: मध्य प्रदेश के दतिया के कलेक्ट्रेट में सोमवार को एक ऐसा मामला सामने आया जिसने हर किसी को हैरान और भावुक भी किया. उत्तर प्रदेश से एक युवक सिर्फ अपनी गर्लफ्रेंड की शर्त पूरी करने के लिए करीब 600 किलोमीटर का सफर तय कर दतिया पहुंच गया. युवक की जिद थी कि वह कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े से मिलकर ही लौटेगा. लेकिन इस दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह कलेक्ट्रेट परिसर में ही बेहोश होकर गिर पड़ा. प्रशासन ने तुरंत इलाज कराया और बाद में कलेक्टर खुद अस्पताल पहुंचकर युवक से मिले.

‘मोहब्बत करते हो तो कलेक्टर से मिलो’
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले का रहने वाला 26 वर्षीय राजकुमार गुप्ता पेशे से टैक्सी ड्राइवर है. राजकुमार सोशल मीडिया पर दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े के काम और व्यक्तित्व से काफी प्रभावित था. इसी बीच उसकी गर्लफ्रेंड ने उससे शर्त रख दी कि अगर सच में तुम्हे मोहब्बत है तो दतिया जाकर कलेक्टर से मिलकर दिखाओ

अपनी मोहब्बत की इस परीक्षा को पूरा करने के लिए राजकुमार शुक्रवार को ट्रेन से झांसी पहुंचा और वहां से बस के जरिए दतिया आया. यहां वह एक होटल में रुका. शनिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचा, लेकिन अवकाश होने की वजह से मुलाकात नहीं हो सकी. रविवार को भी उसे इंतजार करना पड़ा.

कलेक्ट्रेट परिसर में ही बेहोश होकर गिर गया
सोमवार को जब वह फिर कलेक्ट्रेट पहुंचा. लेकिन भीषण गर्मी में कई दिनों तक लगातार सफर और थकान की वजह से उसकी तबीयत बिगड़ गई. पानी पीते समय युवक अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा. मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत मदद की और कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े के निर्देश पर युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया.

डॉक्टरों के मुताबिक युवक को हल्की टैकीप्निया और हृदय संबंधी परेशानी थी, लेकिन समय पर इलाज मिलने से उसकी हालत स्थिर हो गई. खास बात यह रही कि प्रशासन को उस समय तक यह भी नहीं पता था कि युवक कौन है और दतिया क्यों आया है. इसके बावजूद पहले इंसानियत निभाई गई और इलाज को प्राथमिकता दी गई.

कलेक्टर के साथ सेल्फी लेकर गर्लफ्रेंड को भेजी
करीब दो घंटे बाद कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े खुद जिला अस्पताल पहुंचे और युवक से मुलाकात कर उसका हालचाल जाना. इस दौरान कलेक्टर ने युवक के साथ फोटो खिंचवाई. राजकुमार ने तुरंत ये तस्वीरें अपनी गर्लफ्रेंड को भेजीं और खुशी जाहिर करते हुए कहा अब मेरा ब्रेकअप नहीं होगा.

Check Also

एकला चलो रे! UP – उत्तराखंड की तरह पंजाब का भी चुनाव अलग लड़ेगी बसपा, मायावती का बड़ा ऐलान

लखनऊ. बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने कहा है कि पार्टी एकला चलो …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *