सड़क हादसा : ओवरटेक के चक्कर में ट्रेलर की टक्कर से पिता-पुत्र की मौत, मां गंभीर रूप से घायल

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। पेंड्रा नगर में आज एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। मुख्य मार्ग पर स्थित राय पेट्रोल पंप के पास कोयले से भरे एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार पिता और उनके मासूम पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार पेंड्रा के कुडकई गांव का रहने वाला था। वे सभी स्कूटी पर सवार होकर गांव से पेंड्रा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान राय पेट्रोल पंप के पास सामने से एक बड़ी गाड़ी आ रही थी, तभी कोयले से लदे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें ओवरटेक करने की कोशिश की। रफ्तार अधिक होने के कारण ट्रेलर स्कूटी को अपनी चपेट में लेते हुए रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे।

घटना के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सजग नागरिकों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुँची डायल-112 की टीम ने घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद कुड़कुई निवासी पिता तेरस भरिया (35) और उनके पुत्र राजू भरिया (14) को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल मां का इलाज अस्पताल में जारी है, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

हादसे के बाद भाग रहे ट्रेलर को सजग ग्रामीणों ने सरस्वती शिशु मंदिर के पास घेराबंदी कर पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और ट्रेलर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए चक्काजाम जैसी स्थिति निर्मित हो गई थी. और यातायात प्रभावित हुआ था, जिसे पुलिस ने सूझबूझ से व्यवस्थित कराया। इस हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र में भारी वाहनों की बेकाबू रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Check Also

Congress Protest In Chandigarh: पंजाब सरकार के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, CM आवास की ओर बढ़े नेताओं पर वाटर कैनन

पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ते गैंगस्टर कल्चर, नशे के प्रकोप, और सरकारी कर्मचारियों के बकाया …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *