Jharkhand Gumla Rape Case: झारखंड के गुमला से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां पंचायत ने गिरी हुई हरकत करते हुए 3 साल की मासूम से रेप की कीमत 1 लाख रुपये लगाई। इतना ही नहीं, पंचायत सदस्यों ने आरोपी से 20 हजार एडवांस लेकर उसी पैसे से मटन-शराब पार्टी (mutton-liquor party) कर डाला। सूचना मिलने पर पुलिस एक्शन में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए रेप के आरोपी सुनील लोहरा को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल पूरा मामला गुमला जिले केघाघरा थाना क्षेत्र का है। शख्स ने तीन वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किया था। मामले के बाद पंचायत बुलाई गई। पंचायत ने आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाकर कड़ी सजा दिलाने के बजाय मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की।
पंचायत ने रेपिस्ट शख्स पर एक लाख रुपये का आर्थिक दंड लगाया। साथ ही आरोपी द्वारा बैठक में शामिल लोगों को ₹20,000 दिए गए, जिससे मटन और दारू की पार्टी की। पंचायत में शामिल लोगों ने नाबालिग बच्ची को न्याय दिलाने के बजाय दुष्कर्म के आरोपों पर ₹1,00,000 के आर्थिक दंड का फैसला सुनाए जाने के बाद गांव के कुछ लोगों ने मामले की जानकारी गुमला जिले के घाघरा थाना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही घाघरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के आरोपी सुनील लोहरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस मामले को दबाने की कथित कोशिशों में शामिल लोगों की भी जांच में जुट गई है।
इस तरह वारदात को अंजाम दिया
शनिवार शाम पीड़िता के पड़ोस में ही रहने वाला सुनील लोहरा पीड़ित बच्ची के घर पहुंचा। उसकी मां से मदद करने की पेशकश करते हुए कहा कि लाओ, तुम्हारी बेटी को मैं पकड़ देता हूं, तुम अपना काम करो। इसी दौरान हैवान बने पड़ोसी सुनील लोहरा बच्ची को अपने साथ ले गया और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। मामले की जानकारी तब हुई जब बच्ची खून से लथपथ होकर रोते हुए भागकर अपनी मां के पास अपने घर पहुंची। इसके बाद मामला पंचायत के पास पहुंचा। पंचायत के कुछ सदस्यों ने मामले को गांव में ही दबाने, रफा-दफा करने की योजना बनाई।
मामले को दबाने की हो रही जांच
घटना को लेकर थाना प्रभारी मोहन कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि पंचायत में मासूम बच्ची से जुड़े मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। सूचना मिलने के बाद घाघरा पुलिस ने गांव पहुंचकर पीड़िता की मां के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया। उन्होंने बताया कि घटना के बाद कुछ लोगों द्वारा मामले को दबाने की साजिश में शामिल होने के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
जांच टीम गठित की गईः एसपी
मामले पर एसपी हारिस बिन ज़मा ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी हो गई है। वहीं, जिन लोगों द्वारा इस मामले को दबाने की कोशिश की जा रही थी, उसे लेकर गुमला जिले के उपायुक्त द्वारा एक जांच टीम गठित की गई है। जांच के उपरांत जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून संगत कार्रवाई की जाएगी।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter