Ranchi News: होटवार जेल में विचाराधीन कैदी से कथित यौन उत्पीड़न का आरोप, जेल अधीक्षक समेत 19 के खिलाफ FIR

रांची। झारखंड की राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार एक बार फिर गंभीर आरोपों को लेकर चर्चा में है। जेल में बंद रहे एक विचाराधीन कैदी के साथ कथित यौन उत्पीड़न, मारपीट और जबरन नशीला पदार्थ पिलाने का मामला सामने आया है। पीड़ित के पिता की शिकायत पर खेलगांव थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में जेल के बंदियों के साथ जेल प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी आरोपी बनाया गया है। एफआईआर में कुल 19 लोगों के नाम और पद का उल्लेख किया गया है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि जेल के भीतर उनके बेटे के साथ अलग-अलग मौकों पर गंभीर ज्यादती की गई। पीड़ित युवक को रांची की अदालत ने 12 जून 2026 को बरी कर दिया था। जेल से बाहर आने के बाद भी वह कथित घटनाओं के कारण मानसिक रूप से परेशान है।

तीन बार यौन उत्पीड़न किए जाने का आरोप
एफआईआर के मुताबिक, पीड़ित के साथ जेल में तीन अलग-अलग मौकों पर अप्राकृतिक यौनाचार किए जाने का आरोप है। पहली घटना 12 जून 2026 की रात की बताई गई है। शिकायत में दावा किया गया है कि कुछ बंदियों ने युवक को जबरन साड़ी पहनाई और मेकअप कर लड़की के रूप में तैयार किया। इसके बाद उसे कोई तरल पदार्थ पिलाया गया, जिससे वह बेहोशी की हालत में पहुंच गया।

आरोप है कि इसके बाद उसे घसीटकर वार्ड संख्या 3-ए में ले जाया गया, जहां कई लोगों ने उसके साथ जबरन यौनाचार किया। इस दौरान उसे धमकाने की बात भी शिकायत में कही गई है। दूसरी घटना रामनवमी के आसपास की बताई गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने दोबारा युवक को लड़की के वेश में तैयार किया और नशीला पदार्थ पिलाकर वार्ड संख्या तीन में ले गए। यहां भी उसके साथ अप्राकृतिक यौनाचार किए जाने का आरोप है।

वहीं, तीसरी घटना सरहुल पर्व के दौरान की बताई गई है। आरोप है कि उसी समूह के लोगों ने युवक को वार्ड संख्या चार और पांच के आसपास ले जाकर उसके साथ फिर से ज्यादती की। हालांकि, शिकायत में दूसरी और तीसरी घटना की निश्चित तारीख का उल्लेख नहीं किया गया है।

वार्ड इंचार्ज पर शिकायत फाड़ने का आरोप
इस पूरे मामले में जेल प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। पीड़ित के पिता का आरोप है कि उनके बेटे ने जेल में हो रहे कथित उत्पीड़न की जानकारी वार्ड इंचार्ज को लिखित शिकायत के माध्यम से दी थी। लेकिन शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय वार्ड इंचार्ज ने कथित तौर पर उसके साथ दुर्व्यवहार किया और आवेदन फाड़ दिया। शिकायतकर्ता का दावा है कि जेल के भीतर बंदियों के बीच हो रही इन घटनाओं की जानकारी प्रशासन को थी, इसके बावजूद कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

जेल अस्पताल के चिकित्साकर्मियों पर भी सवाल
एफआईआर में जेल अस्पताल की व्यवस्था को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत के अनुसार, कथित यौन उत्पीड़न के बाद युवक ने निजी अंगों में चोट और परेशानी की शिकायत की थी। वह इलाज के लिए जेल अस्पताल पहुंचा, लेकिन वहां मौजूद चिकित्सक ने उसकी समस्या को गंभीरता से नहीं लिया।

आरोप है कि चिकित्सक ने दुर्व्यवहार करते हुए जांच और इलाज से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, 12 जून को जेल से रिहाई के समय भी युवक की आवश्यक चिकित्सकीय जांच नहीं कराए जाने का दावा किया गया है।

जेल अधीक्षक समेत 19 लोगों के नाम FIR में
शिकायत में जेल के भीतर बंद पिंटू, अरविंद गुप्ता, साहिल अंसारी, साहिल साह, रबीसर लोहरा, पवन, मंटू, धनेश्वर बधाई, कातिल शिव उरांव, बल्लू, रेहान गोलू, गोलू साव और पोगो समेत अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।

इसके अलावा वार्ड इंचार्ज, सिंह नामक पुलिसकर्मी, संतोष उरांव, जेल अधीक्षक और जेल अस्पताल के मेडिकल अधिकारी को भी आरोपी बनाया गया है। शिकायतकर्ता ने सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

इन धाराओं में दर्ज हुई प्राथमिकी
खेलगांव थाना में 12 नवंबर 2026 को शाम 6:05 बजे प्राथमिकी संख्या 0066/2026 दर्ज की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2), 351, 352 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है। जांच की जिम्मेदारी पुलिस अवर निरीक्षक मनीष शिवम को सौंपी गई है। फिलहाल ये सभी आरोप प्राथमिकी में दर्ज शिकायत पर आधारित हैं। मामले में पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता और जेल प्रशासन की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

Check Also

Will Young Century: विल यंग ने भारत के खिलाफ जड़ा तूफानी शतक, रोहित शर्मा और केएल राहुल की गलती पड़ी भारी

Will Young: न्यूजीलैंड के ओपनिंग बल्लेबाज विल यंग ने भारत के खिलाफ चौथे वनडे मुकाबले …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *