नालंदा में चोरों का तांडव: एक ही रात में 5 दुकानों को बनाया निशाना, लैपटॉप-फोन समेत लाखों की चोरी

नालंदा। जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र स्थित दीपनगर बाजार में रविवार की देर रात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। चोरों ने वेंटिलेटर के रास्ते दुकानों में प्रवेश कर एक साथ करीब पांच दुकानों को निशाना बनाया। इस दौरान नकदी, मोबाइल, लैपटॉप समेत लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली गई।

सीएसपी संचालक की दुकान से 4 लाख की चोरी
दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक के सीएसपी संचालक शशि कुमार ने बताया कि तड़के करीब 3 से 3:30 बजे के बीच चोर उनकी दुकान में वेंटिलेटर के रास्ते घुसे। चोरों ने काउंटर का ताला तोड़कर करीब 4 लाख रुपये नकद, दो लैपटॉप और एक एलईडी टीवी चोरी कर लिया। घटना के दौरान चोरों ने दुकान में लगे 4 से 5 सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए ताकि उनकी पहचान न हो सके।

मोबाइल दुकान से फोन और नगदी की चोरी
इसके अलावा मोबाइल दुकानदार पिंकू कुमार की दुकान से 5 से 6 हजार रुपये नकद और कई मोबाइल फोन चोरी कर लिए गए। वहीं एक अन्य दुकानदार सागर कुमार की दुकान से भी नकदी चोरी होने की बात सामने आई है। चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान में भी सेंधमारी की, लेकिन लॉकर नहीं तोड़ सके।

घटना के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश
घटना के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि नियमित पुलिस पेट्रोलिंग नहीं होने के कारण चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। मामले में दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर रही है। आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

12 साल पहले ‘हत्या’ और पति-ससुर समेत 8 लोग जेल! अब वही महिला जिंदा मिली तो खुला बड़ा राज, नहर में मिला शव आखिर किसका था?

Bihar Murder Mystery: बिहार के रोहतास जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *