Breaking News

डोंगरगढ़ में दो पूर्व प्रधानमंत्रियों की प्रतिमाओं को लेकर उठा सवाल, एक चमक रही तो दूसरी टूटी पड़ी

डोंगरगढ़ शहर में इन दिनों एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने प्रशासन की संवेदनशीलता और राजनीतिक प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर में दो पूर्व प्रधानमंत्रियों की प्रतिमाएं हैं, लेकिन दोनों के साथ व्यवहार बिल्कुल अलग नजर आ रहा है।

एक तरफ भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा है, जिसका हाल ही में 25 दिसंबर को लोकार्पण किया गया। इस कार्यक्रम को लेकर पूरा प्रशासन सक्रिय दिखा। प्रतिमा स्थल को सजाया गया, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए। कार्यक्रम में राजनीतिक स्तर पर भी खास तैयारियां देखने को मिलीं।

वहीं दूसरी ओर, शहर के हाई स्कूल परिसर में लगी देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा कई महीनों से क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी है। शरारती तत्वों द्वारा प्रतिमा को कई बार नुकसान पहुंचाया गया, लेकिन अब तक न तो स्थायी सुरक्षा की व्यवस्था की गई और न ही समय पर मरम्मत कराई गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बारे में कई बार शिकायत की गई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। न कोई ठोस कार्रवाई हुई और न ही प्रतिमा की हालत सुधरी।

इस मामले पर थाना प्रभारी संतोष जायसवाल ने कहा कि शहर के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाना जरूरी है और पुलिस नियमित गश्त कर रही है। वहीं हाई स्कूल के प्रभारी प्राचार्य जागेश्वर चंदेल ने बताया कि प्रतिमा के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी नगर पालिका को दे दी गई है। नगर पालिका अधिकारी खिलेंद्र भोई ने मरम्मत कराने का भरोसा दिया है, लेकिन अभी तक जमीन पर कोई बदलाव नजर नहीं आया है।

अब यह मामला सिर्फ एक प्रतिमा का नहीं रह गया है, बल्कि यह सवाल बन गया है कि क्या देश के बड़े नेताओं के सम्मान में भी राजनीति देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का साफ कहना है कि मुद्दा यह नहीं है कि किसकी प्रतिमा ज्यादा बड़ी या नई है, बल्कि सवाल यह है कि क्या देश के दोनों पूर्व प्रधानमंत्रियों का सम्मान समान रूप से नहीं होना चाहिए।

Check Also

CG Weather: छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम! धूप-छांव के बीच गरजेंगे बादल, कई जिलों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट

CG Weather: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं. प्रदेश …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *