राखी पर दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़, सारंगढ़ में नाले में बहा मासूम तो धमतरी में ट्रैक्टर ने ली बच्चे की जान

सारंगढ़-बिलाईगढ़/धमतरी. राखी पर पहले छत्तीसगढ़ में दो दर्दनाक हादसों ने खुशियों के माहौल को गम में बदल दिया. सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में नाले के तेज बहाव में बहने से 10 वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि धमतरी जिले के कुरुद क्षेत्र में रेत से भरे ट्रैक्टर ने 5 वर्षीय बच्चे को कुचल दिया. दोनों हादसों के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है.

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में नाले में बहा 10 वर्षीय मासूम
रक्षाबंधन से एक दिन पहले ग्राम ठेंगाकोट निवासी 10 वर्षीय सहदेव बारिहा अपने साथियों के साथ नहाने के लिए गया था. इसी दौरान वह नाले के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए. रात में DDRF की टीम भी मौके पर पहुंची और लगातार बचाव अभियान चलाया गया. कई घंटों की मशक्कत के बाद आखिरकार मासूम का शव बरामद कर लिया गया. सहदेव की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया. राखी से ठीक पहले हुई इस घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

धमतरी में ट्रैक्टर ने 5 साल के बच्चे को रौंदा
उधर, धमतरी जिले के कुरुद थाना क्षेत्र के ग्राम नारी में भी राखी से पहले दर्दनाक हादसा हुआ. यहां रेत से भरे ट्रैक्टर की चपेट में आने से 5 वर्षीय फणीश सोनी की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया और सड़क पर चक्काजाम कर दिया. करीब तीन घंटे तक चक्काजाम की स्थिति बनी रही. सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभालने का प्रयास किया. राखी जैसे भाई-बहन के पवित्र त्योहार से ठीक पहले दोनों परिवारों में हुई इन मौतों से खुशियों की जगह मातम ने ले ली है. त्योहार के एक दिन पहले हुए इन हादसों ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.

Check Also

CG News: राशन में लापरवाही पर CM साय सख्त! शिकायत मिलते ही कलेक्टर को फोन, पात्र परिवारों को तत्काल राशन देने के निर्देश

CG News: छत्तीसगढ़ में राशन वितरण में लापरवाही पर सीएम विष्‍णु देव साय ने सख्‍त …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *