Breaking News

बांग्लादेश में उस्मान हादी की हत्या में शामिल दो आरोपी बंगाल से गिरफ्तार: मेघायल के रास्ते की थी भारत में घुसपैठ, STF ने सीमा के पास से दबोचा

पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बांग्लादेश के छात्र नेता और राजनीतिक कार्यकर्ता उस्मान हादी की हत्या के मामले में दो आरोपितों फैसल करीम मसूद और आलमगीर हुसैन को गिरफ्तार किया है। दोनों बांग्लादेशियों को भारत-बांग्लादेश सीमा से लगे बनगाँव इलाके से 7 और 8 मार्च 2026 की रात पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद दोनों आरोपित अवैध रूप से भारत में दाखिल हो गए थे और मौका मिलने पर वापस बांग्लादेश भागने की योजना बना रहे थे।

मेघालय सीमा से भारत में घुसे थे आरोपित
STF को गुप्त सूचना मिली थी कि बांग्लादेश में गंभीर अपराधों में शामिल दो लोग भारत में छिपे हुए हैं और बोंगाँव के सीमा क्षेत्र में शरण लिए हुए हैं। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

जाँच में सामने आया कि फैसल करीम मसूद पाटुआखाली का निवासी है जबकि आलमगीर हुसैन ढाका का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपित मेघालय सीमा के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए थे और अलग-अलग स्थानों से होते हुए आखिर में पश्चिम बंगाल के बनगाँव इलाके में पहुँच गए थे।

उस्मान हादी की हत्या से जुड़ा है मामला
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों आरोपित बांग्लादेश के छात्र नेता और राजनीतिक कार्यकर्ता उस्मान हादी की हत्या से जुड़े हुए हैं। हादी पर 12 दिसंबर 2025 को ढाका में गोलीबारी की गई थी। गंभीर हालत में इलाज के लिए सिंगापुर ले जाया गया, जहाँ 18 दिसंबर को उसकी मौत हो गई।

वह बांग्लादेश में सरकार विरोधी आंदोलनों के दौरान चर्चा में आया था और ‘इंकलाब मंच’ से जुड़ा छात्र नेता और प्रवक्ता माना जाता था। उसकी हत्या के बाद बांग्लादेश में व्यापक विरोध और हिंसा की घटनाएँ भी सामने आई थीं। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की जाँच की जा रही है।

Check Also

Womens Asia Cup 2026: चैंपियन बनकर भी मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने नहीं पहुंची Team India, BCCI ने बताई पूरी वजह

Womens Asia Cup 2026 Final: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए एशिया कप …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *