54वीं बार काशी में मोदी : 14 किमी रोड शो, 6 हजार करोड़ की सौगात, सिग्नेचर ब्रिज का भी देंगे उपहार

वाराणसी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल को दो दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचेंगे. यह 2026 का उनका पहला और पिछले 11 वर्षों में काशी का 54वां दौरा होगा. इससे पहले वह नवंबर 2025 में वाराणसी आए थे. इस दौरे में पीएम काशीवासियों और पूर्वांचल को 6000 करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. साथ ही 14 किलोमीटर लंबा मेगा रोड शो भी करेंगे.

28 अप्रैल का कार्यक्रम
भाजपा सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री शाम करीब 4 बजे विशेष विमान से वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे. वहां से सेना के हेलीकॉप्टर के जरिए बरेका हेलीपैड जाएंगे. इसके बाद बीएलडब्ल्यू ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में करीब 40 हजार महिलाओं को संबोधित करेंगे.

महिलाओं से संवाद
प्रधानमंत्री “नारी शक्ति वंदन” से जुड़े मुद्दों पर महिलाओं से संवाद करेंगे और उनकी राय भी जानेंगे. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे. सभा के बाद पीएम बरेका गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे. संभावना है कि रात में वह कुछ विकास परियोजनाओं का निरीक्षण भी कर सकते हैं.

29 अप्रैल को मेगा रोड शो
दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन करेंगे. इसके लिए बरेका से बाबा विश्वनाथ धाम तक भव्य रोड शो निकाला जाएगा. यह रोड शो करीब 14 किलोमीटर लंबा होगा और काशी का अब तक का सबसे बड़ा रोड शो माना जा रहा है. शहर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं.

देश का सबसे बड़ा सिग्नेचर ब्रिज
प्रधानमंत्री वाराणसी को देश के सबसे बड़े रेल-सड़क सिग्नेचर ब्रिज की सौगात देंगे. यह डबल डेकर पुल 1074 मीटर लंबा होगा और इसकी अनुमानित लागत करीब 2600 करोड़ रुपये है. यह पुल “परिवहन संगम” परियोजना का हिस्सा होगा और राजघाट पुल का विकल्प बनेगा, जिसकी मियाद अब लगभग पूरी हो चुकी है.

बिहार-बंगाल तक आसान कनेक्टिविटी
नया पुल बनने से वाराणसी की कनेक्टिविटी बिहार और पश्चिम बंगाल तक और मजबूत होगी. भारी वाहनों और माल ढुलाई को भी बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि मौजूदा राजघाट पुल पर बड़े वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है. प्रधानमंत्री अपने दौरे में कबीरचौरा अस्पताल परिसर में बनने वाले सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की आधारशिला भी रखेंगे.

Check Also

Jhansi Crime News: जिंदा चूहे को लटकाकर पेट्रोल डाला और लगा दी आग, वीडियो वायरल होने पर 4 युवकों पर FIR

Live Rat Burnt Video FIR: उत्तर प्रदेश के झांसी से एक अजीबोगरीब घटना सामने आई …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *