Breaking News

रायगढ़ में धान खरीदी के दौरान 1.35 लाख क्विंटल से अधिक अवैध धान जब्त, 38 वाहन किए गए सीज

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में धान खरीदी शुरू होने के बाद से अब तक प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 लाख 35 हजार 545.20 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है। यह कार्रवाई 11 अक्टूबर से 28 जनवरी के बीच की गई है। अवैध धान के भंडारण और परिवहन के मामलों में जिले में कुल 193 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

प्रशासन ने धान खरीदी से पहले ही अवैध गतिविधियों पर नजर रखते हुए विशेष निगरानी शुरू कर दी थी। कोचियों द्वारा भंडारण किए गए धान और अवैध परिवहन पर लगातार कार्रवाई की गई। इस दौरान सबसे अधिक मामले पुसौर ब्लॉक में सामने आए हैं।

पुसौर ब्लॉक ओडिशा सीमा से लगा होने के कारण यहां अवैध धान की आवाजाही अधिक पाई गई। इस क्षेत्र में 44 प्रकरण दर्ज कर 65 हजार 35.20 क्विंटल धान जब्त किया गया। इसके अलावा धरमजयगढ़ में 29, खरसिया में 25 और रायगढ़ में 23 मामले दर्ज किए गए हैं।

राइस मिलों में भंडारण को लेकर भी सख्त जांच की गई। पुसौर के सहदेवपाली स्थित कृष्णा राइस मिल में स्टॉक में कमी पाए जाने पर 58 हजार 284 बोरी धान जब्त किया गया। वहीं खरसिया स्थित बालाजी राइस मिल में 57 हजार 677 बोरी और ग्राम सुर्री स्थित शुभ राइस इंडस्ट्रीज में 30 हजार 100 बोरी धान अवैध रूप से संग्रहित पाए गए।

अवैध परिवहन रोकने के लिए जिले में 10 अंतरराज्यीय और 14 अंतरजिला चेक पोस्ट बनाए गए थे। यहां लगातार निगरानी के दौरान 21 प्रकरण दर्ज किए गए और 38 वाहनों को जब्त किया गया।

प्रशासन ने करीब 200 से अधिक कोचियों और बिचौलियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है। अधिकारियों का कहना है कि धान खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखने और किसानों के हितों की रक्षा के लिए आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

Check Also

आज कांग्रेस का हल्ला बोल प्रदर्शन, मनरेगा बचाओ समेत कई मुद्दों को लेकर विधानसभा का करेगी घेराव, सचिन पायलट भी होंगे शामिल

CG News: छत्तीसगढ़ कांग्रेस आज मनरेगा बचाओ संग्राम के साथ जनहित के मुद्दों को लेकर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *