Rajasthan News: 2023 बैच के दो युवा IAS अधिकारियों, माधव भारद्वाज और अदिति वासने ने बुधवार को अलवर में बेहद सादगी के साथ कोर्ट मैरिज कर समाज के सामने एक नई मिसाल पेश की है। करोड़ों के खर्च और भारी दिखावे वाली शादियों के दौर में, इन अधिकारियों ने बिना किसी तामझाम के जिला कलेक्टर के सामने एक-दूसरे को माला पहनाकर अपने नए जीवन की शुरुआत की।
मसूरी के रहने वाले माधव भारद्वाज और उत्तर प्रदेश के बरेली की रहने वाली अदिति वासने की मुलाकात IAS की ट्रेनिंग के दौरान हुई थी। यह दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और दोनों ने जीवनभर साथ रहने का फैसला किया। परिवारों की सहमति के बाद, उन्होंने फिजूलखर्ची के बजाय रजिस्टर्ड मैरिज को प्राथमिकता दी।
बुधवार को अलवर के मिनी सचिवालय में जिला कलेक्टर अर्पिता शुक्ला के चेंबर में यह विवाह संपन्न हुआ। इस दौरान न कोई वीआईपी गेस्ट था और न ही ढोल-नगाड़े; केवल दोनों के माता-पिता और भाई-बहन इस खास पल के साक्षी बने।
संघर्ष और सफलता की कहानी
माधव भारद्वाज, SDM, अलवर ने अपनी शारीरिक चुनौतियों (लोकोमोटर दिव्यांगता) को मात देते हुए UPSC 2022 में AIR 536 प्राप्त की थी। वे IIM अहमदाबाद से MBA भी कर चुके हैं।
वहीं, अदिति वासने, SDM, जामनगर, गुजरात ने अपने पहले ही प्रयास में UPSC 2022 में 57वीं रैंक हासिल कर सबको चौंका दिया था। दिल्ली के मिरांडा हाउस से पढ़ीं अदिति के पिता बरेली के एक प्रतिष्ठित व्यवसायी हैं।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter