भिलाई स्टील प्लांट में भीषण आग, जान बचाने खिड़कियों और पाइप से उतरे कर्मचारी, 7 घायल

भिलाई स्टील प्लांट के पावर प्लांट-2 में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग के दौरान टर्बाइन हॉल में तेजी से धुआं फैल गया, जिससे कर्मचारियों को जान बचाने के लिए खिड़कियों और पाइप के सहारे नीचे उतरना पड़ा। हादसे में 7 कर्मचारी घायल हुए हैं, जिनमें एक संविदा कर्मचारी का पैर फ्रैक्चर हो गया।

घटना के दौरान कुछ कर्मचारी 20 से 25 फीट ऊंचाई पर खिड़कियों से बाहर निकलकर लटक गए थे। बाद में उन्हें सुरक्षित नीचे उतारा गया। कई कर्मचारियों ने पाइप के सहारे नीचे उतरकर अपनी जान बचाई। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

प्रबंधन के अनुसार, आग सुबह करीब 10:05 बजे पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन-2 के STG-4 टर्बाइन में लगी। आग लगते ही टर्बाइन हॉल में धुआं भर गया और कुछ ही समय में प्लांट का बड़ा हिस्सा प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही संयंत्र की अग्निशमन टीम सक्रिय हुई और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया।

घटना के समय कंट्रोल रूम और स्विचगियर कक्ष में मौजूद सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि बाहर निकलने के दौरान भगदड़ में एक कर्मचारी घायल हो गया। एहतियात के तौर पर 7 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।

आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी या दबाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। घटना के बाद प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Check Also

CG High Court New Roster: आज से बदला हाईकोर्ट का रोस्टर, 2 डिवीजन और 8 सिंगल बेंचों में होगी मामलों की सुनवाई

बिलासपुर. CG High Court New Roster: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में कल मंगलवार 8 सितंबर से अगले …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *