CG News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने चोरी की कई वारदातों का खुलासा करते हुए एक ऐसे दामाद को गिरफ्तार किया है, जो अपने ससुराल में रहकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था. उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी नौशाद भिलाई के खुर्सीपार इलाके में ससुराल में रहकर ड्राइवर का काम करता था. इसी दौरान वह बंद मकानों की रेकी करता और रात के समय अपने साढू के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था.
पत्नी और साली भी शामिल
पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी किए गए गहनों और अन्य सामान को ठिकाने लगाने में उसकी पत्नी नगीना और साली मदीना भी शामिल थीं. दोनों बहनें चोरी के जेवरों को गिरवी रखने और बेचने का काम करती थीं. मामले में पावर हाउस बाजार स्थित शुभलाभ ज्वेलर्स के संचालक दुर्गेश गोस्वामी को भी चोरी का सोना-चांदी खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.
1600 CCTV फुटेज से मिला सुराग
दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में हाल के दिनों में गुरुनानक नगर, वैशाली नगर, हाउसिंग बोर्ड जामुल, चरोदा, राधिका नगर, पुदुमनगर और बालोद जिले के करहीभदर इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं हुई थीं. इन मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने करीब 1600 सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज में एक संदिग्ध युवक बार-बार दिखाई दे रहा था, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी. बाद में पुलिस ने सोशल मीडिया की मदद से आरोपी की पहचान नौशाद के रूप में की.
पूछताछ में कबूला जुर्म
हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर नौशाद ने कई चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात कबूल कर ली. जांच में यह भी पता चला कि चोरी के बाद जेवर उसकी पत्नी और साली द्वारा ज्वेलरी दुकान में गिरवी रखे जाते थे, जबकि कुछ सामान सीधे ज्वेलर्स को बेच दिया जाता था. पुलिस के अनुसार चोरी से मिले पैसों से आरोपियों ने एक हीरो डेस्टिनी वाहन भी खरीदा था, जिसका उपयोग आने-जाने में किया जाता था.
लाखों का सामान बरामद
सीएसपी भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे और ज्वेलरी दुकान से करीब 60 ग्राम सोने के जेवर, 850 ग्राम चांदी के जेवर, कैमरा, इंडक्शन चूल्हा, 7800 रुपए नकद और चोरी में इस्तेमाल किया गया वाहन बरामद किया गया है. जब्त सामान की कुल कीमत करीब 13 लाख 12 हजार 800 रुपए आंकी गई है. मामले में नौशाद का साढू फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter