मरीन ड्राइव में फैली गंदगी पर सख्ती: 15 दिन में जलकुंभी हटाने के निर्देश, देवार डेरा हटाने की तैयारी

रायपुर के तेलीबांधा मरीन ड्राइव में बढ़ती गंदगी और अव्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा ने मरीन ड्राइव पहुंचकर इलाके का निरीक्षण किया और तालाब किनारे फैली गंदगी पर नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान नगर निगम अधिकारियों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और क्षेत्र को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए।

15 दिन में तालाब साफ करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने तेलीबांधा तालाब की सफाई कार्य की समीक्षा की। सफाई कार्य में लापरवाही मिलने पर ठेकेदार को फटकार लगाई गई। आयुक्त ने अगले 15 दिनों के भीतर तालाब से जलकुंभी पूरी तरह हटाने का अल्टीमेटम दिया है।

उन्होंने कहा कि अभियान चलाकर लगातार सफाई की जाए और क्षेत्र की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीन ड्राइव में स्वच्छता बनी रहे।

देवार डेरा हटाने की तैयारी
विधायक पुरंदर मिश्रा ने तालाब किनारे बसे देवार डेरा क्षेत्र में फैली गंदगी को लेकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि इलाके का तकनीकी सर्वे कराया जाए और वहां रह रहे लोगों के पुनर्वास की व्यवस्था कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। प्रशासन अब क्षेत्र को खाली कराने की तैयारी में जुट गया है। अधिकारियों को जल्द रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

दुकानदारों को दी गई चेतावनी
नगर निगम ने मरीन ड्राइव क्षेत्र के दुकानदारों को भी सख्त निर्देश जारी किए हैं। सभी दुकानों में डस्टबिन रखना अनिवार्य किया गया है और गीला-सूखा कचरा अलग-अलग देने के लिए कहा गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि कोई दुकानदार तालाब या आसपास कचरा फेंकते पाया गया तो उसके खिलाफ जुर्माने सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान निगम और नगर निवेश विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।

Check Also

अपोलो लापरवाही: अपोलो अस्पताल की कथित लापरवाही पर कांग्रेस का हल्ला बोल, 7 दिन का अल्टीमेटम

बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में हार्ट मरीज को एयरलिफ्ट करने के दौरान कथित लापरवाही का …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *