भोपाल के हमीदिया अस्पताल में शर्मनाक तस्वीर, मर्चुरी के बाहर खुले में ही कर दिया शव का चीर-फाड़, बेबस परिजन देखते रह गए

MP News: राजधानी भोपाल के हमीदिया अस्पताल में असंवेदनशीलता की बेहद शर्मनाक तस्वीर सामने आई है. यहां लाए गए एक शव का खुले में ही चीर-फाड़ कर दिया गया. मर्चुरी के बाहर ही डॉक्टरों ने शव को स्ट्रेचर पर लिटाकर पोस्टमार्टम कर दिया. इस दौरान बेबस परिजन देखते रह गए. खुले में पोस्टमार्टम के कारण आसापास लोग इकट्ठा हो गए. इसके बाद जब शव से बदबू आने लगी तो सब लोगों को हटाया गया. इस दौरान मौके पर मौजूद एक शख्स ने पूरी घटना को कैमरे में कैद कर लिया और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.

एंबुलेंस से उतारकर चीर-फाड़ शुरू कर दी
पूरा मामला हमीदिया अस्पताल परिसर के मर्चुरी के पास का है. यहां बजरिया थाना की पुलिस एक शव को पोस्टमार्टम के लिए लाई थी. नियम के मुताबिक शव को मर्चुरी के अंदर ले जाकर पोस्टमार्टम करना था. लेकिन एंबुलेंस से उतरते ही डॉक्टरों ने शव को स्ट्रेचर पर लिटा दिया और वहीं पर बिना किसी पर्दे या फिर शेड के चीर-फाड़ शुरू कर दी. इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी भी मौजूद दिखाई दिए. खुले में पोस्टमार्टम करते समय तेजी से दुर्गंध भी आ रही थी, लेकिन डॉक्टर नहीं रुके.

‘कुछ केस में बाहर ही पोस्टमार्टम करते हैं‘
संवेदनहीनता और शर्मनाक तस्वीर सामने आने के बाद हमीदिया अस्पताल प्रशासन ने सफाई दी है. डॉक्टर्स का कहना है कि कुछ विशेष परिस्थितियों में पोस्टमार्टम को मर्चुरी के बाहर शेड में करना पड़ता है. लेकिन वायरल वीडियो हमीदिया अस्पताल के तर्कों को समर्थन नहीं कर रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जिस वक्त शव की चीर-फाड़ की जा रही थी, वहां ना तो कोई पर्दा था और ना ही कोई शेड लगी थी. वहीं वीडियो वायरल होने पर लोग हमीदिया अस्पताल की जमकर भर्त्सना कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर लोगों ने कमेंट करते हुए कहा कि संवेदनहीन डॉक्टर्स मरीजों का इलाज कैसे करेंगे.

Check Also

ट्विशा केस मामले में हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द, देर रात 1 बजे आया फैसला

Twisha Sharma Death Case: भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा केस मामले में मध्य प्रदेश हाई …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *