40 घंटे में खुला अंधे कत्ल का राज : 13 वर्षीय मासूम की हत्या कर खेत में दफनाया, आरोपी गिरफ्तार

सक्ती : सक्ती पुलिस ने 13 वर्षीय बालक कपिल कुमार केंवट की हत्या के सनसनीखेज मामले का महज 40 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में परसदा खुर्द निवासी 22 वर्षीय हेमंत कुमार केंवट को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते मासूम की हत्या कर शव को खेत में गाड़ दिया था।

पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई की रात आरोपी हेमंत कुमार, कपिल को चोरी का लोहा बेचकर पैसे दिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया। बोर घर पहुंचने के बाद उसने गला दबाकर बालक की हत्या कर दी। इसके बाद शव को छिपाने के लिए खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया और पहचान छिपाने की नीयत से मृतक के कपड़ों को दूसरे खेत में फेंक दिया।

बालक के लापता होने की रिपोर्ट पर पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी बार-बार बयान बदलकर पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन मनोवैज्ञानिक तरीके से की गई लंबी पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर कार्यपालिक दंडाधिकारी, चिकित्सकीय दल और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में खेत से शव का उत्खनन किया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त रापा और मृतक के कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि करीब छह-सात महीने पहले हुए एक विवाद की जानकारी कपिल द्वारा अन्य लोगों को बताए जाने से आरोपी उससे नाराज था और उसी रंजिश में उसने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Check Also

भिलाई स्टील प्लांट में करंट लगने से जूनियर इंजीनियर की मौत, कर्मचारियों ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

दुर्ग : भिलाई स्टील प्लांट के यूनिवर्सल रेल मिल विभाग में ड्यूटी के दौरान करंट …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *