कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के अढ़ोनी गांव से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक मजार (दरगाह) के सेवादार ने अपने साथी के साथ मिलकर शिव मंदिर के 80 वर्षीय बुजुर्ग पुजारी योगीराज पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने बुजुर्ग पुजारी को बेरहमी से पीटा, उनकी टांग तोड़ दी और फिर गले में गमछा डालकर उन्हें गांव की सड़क पर घसीटते हुए चौराहे पर तड़पता छोड़ दिया। घायल पुजारी की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें एलएनजेपी (LNJP) अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरती की तैयारी के समय किया हमला
गांव के सरपंच परमजीत सिंह के अनुसार, यह घटना गुरुवार तड़के करीब 4 बजे की है। शिव मंदिर के पुजारी योगीराज सुबह की आरती की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पास ही स्थित नकोदर पीर की दरगाह की देखरेख करने वाला पंकज अपनी गाड़ी से वहां पहुंचा। उसने मंदिर में घुसते ही पुजारी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद पंकज ने अपनी पत्नी से लाठी मंगवाई और बुजुर्ग पुजारी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी एक टांग टूट गई।
गले में परना डालकर सड़क पर घसीटा
मारपीट के बाद भी जब आरोपी का मन नहीं भरा, तो उसने अपने दोस्त इंद्र के साथ मिलकर क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। दोनों ने लहूलुहान पुजारी के गले में परना (गमछा) डाला और उन्हें घसीटते हुए गांव के मुख्य चौराहे पर ले जाकर फेंक दिया। इस घसीट के कारण सड़क पर खून के निशान बन गए। बुजुर्ग पुजारी करीब दो घंटे तक दर्द से तड़पते रहे। सुबह करीब 6 बजे जब ग्रामीणों ने सड़क पर खून के निशान देखे, तो वे पीछा करते हुए चौराहे तक पहुंचे और पुजारी को अस्पताल पहुंचाया।
श्रद्धालुओं के आने से रखता था रंजिश
सदर थाना के एसएचओ (SHO) रणधीर सिंह ने बताया कि आरोपी पंकज पुजारी से पुरानी रंजिश रखता था। ग्रामीणों के मुताबिक, पुजारी योगीराज करीब 2 महीने पहले ही गांव वालों के कहने पर दोबारा इस मंदिर में लौटे थे। उनके आने के बाद से मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी थी, जिससे पास की मजार पर आने वाले लोगों की संख्या कम हो गई थी। इसी बात से खुन्नस खाकर आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया।
एसएचओ रणधीर सिंह के मुताबिक, पुलिस ने मुख्य आरोपी पंकज और उसके साथी के खिलाफ हत्या के प्रयास (Section 307) सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसकी जांच की जा रही है। आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है, जल्द ही वे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter