Breaking News

निवेश के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा : रकम दोगुनी करने का झांसा देकर लोगों से ठगे 2 करोड़, फरार आरोपी दंपति रायपुर से गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हरिशंकर गुप्ता और उसकी पत्नी रेखा गुप्ता को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि, दोनों ने निवेशकों को शेयर ट्रेडिंग में पैसा लगाकर रकम दोगुनी करने का भरोसा दिलाया और करीब 2 करोड़ 4 लाख 97 हजार 502 रुपये अपने खातों में जमा करा लिए।

निवेश के नाम पर लोगों से करोड़ों की वसूली
पुलिस के मुताबिक, चांपा निवासी हेमदत्त केशरवानी ने 24 मई 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि, मारुति विहार कॉलोनी निवासी हरिशंकर गुप्ता और रेखा गुप्ता ने उन्हें और अन्य लोगों को शेयर ट्रेडिंग में निवेश का झांसा दिया। इसके बाद चेक और आरटीजीएस के जरिए बड़ी रकम अपने खातों में ट्रांसफर करवा ली।

कुछ पैसे लौटाकर भरोसा बनाए रखा
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने निवेशकों को कुल 39 लाख 99 हजार 400 रुपये वापस किए, लेकिन बाकी रकम लौटाने में लगातार बहाने बनाते रहे। जब काफी समय बाद भी पैसे वापस नहीं मिले तो पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की।

नया रायपुर से गिरफ्तार हुआ आरोपी दंपति
मामला दर्ज होने के बाद आरोपी दंपति फरार हो गया था और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर नया रायपुर में दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

लैपटॉप-टैबलेट और मोबाइल समेत कई सामान जब्त
पूछताछ में आरोपियों ने ठगी की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके पास से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और चेकबुक समेत अन्य सामान जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस मामले में अन्य पीड़ितों और ठगी से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Check Also

छत्तीसगढ़ में सड़क सुरक्षा के लिए आईआईटी मद्रास के साथ ऐतिहासिक एमओयू, डेटा-आधारित हाइपरलोकल इंटरवेंशन कार्यक्रम शुरू

10 संवेदनशील जिलों में होगा पहले चरण का क्रियान्वयन रायपुर: छत्तीसगढ़ शासन के परिवहन विभाग …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *