Breaking News

चक्रधर समारोह में आज से सजेगा दंगल का अखाड़ा! पहली बार महिला पहलवान भी दिखाएंगी दमखम, ₹1 लाख तक इनाम

रायगढ़. कला, संस्कृति और परंपरा के साथ खेल प्रतिभाओं को मंच देने वाला 41वां चक्रधर समारोह इस बार कुश्ती के रोमांच से भी सराबोर होगा. समारोह के तहत 16 और 17 सितंबर को मोती महल परिसर में अखिल भारतीय एवं राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है. दो दिवसीय दंगल में देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से महिला एवं पुरुष पहलवान पहुंचेंगे. अखाड़े में पहलवान अपने दमखम और कुश्ती के दांव-पेंच का प्रदर्शन करेंगे. पहली बार चक्रधर समारोह में महिला पहलवानों के मुकाबले भी विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे.

छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन रायगढ़ के संयुक्त आयोजन में होने वाली प्रतियोगिता को लेकर खेल प्रेमियों में उत्साह है. अलग-अलग भार वर्गों में मुकाबले होंगे और विजेता पहलवानों को आकर्षक नगद पुरस्कार दिए जाएंगे.

पुरुष वर्ग में एक लाख तक पुरस्कार
अखिल भारतीय स्तर की पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता में तीन भार वर्ग रखे गए हैं. 80 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपए, द्वितीय 51 हजार और तृतीय पुरस्कार 11 हजार रुपए रखा गया है. 72 से 79 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम पुरस्कार 41 हजार, द्वितीय 21 हजार और तृतीय 9,100 रुपए मिलेगा. वहीं 62 से 71 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम 21 हजार, द्वितीय 11 हजार और तृतीय पुरस्कार 7,100 रुपए निर्धारित किया गया है.

महिला पहलवान पहली बार दिखाएंगी दमखम
इस वर्ष चक्रधर समारोह में पहली बार महिला पहलवान भी अखाड़े में दांव-पेंच दिखाएंगी. महिला वर्ग में 71 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में प्रथम पुरस्कार 41 हजार, द्वितीय 21 हजार और तृतीय 11 हजार रुपए रखा गया है. 62 से 70 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम 15 हजार, द्वितीय 11 हजार और तृतीय पुरस्कार 7 हजार रुपए दिया जाएगा. महिला पहलवानों के मुकाबलों को लेकर भी दर्शकों में खासा उत्साह है.

वित्त मंत्री ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ
उद्घाटन समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता रायगढ़ लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया करेंगे. राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त सुरेंद्र कुमार बेसरा, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविंद्र गबेल और नगर पालिक निगम रायगढ़ के महापौर जीवर्धन चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे.

आज सजेगी शास्त्रीय और लोक संस्कृति की महफिल
चक्रधर समारोह में 16 सितंबर की शाम कला प्रेमियों के लिए भी खास होगी. मंच पर भरतनाट्यम, कथक और छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी. शाम की शुरुआत जांजगीर के नीलेश जोगी म्यूजिकल ग्रुप के सात कलाकारों की लोक संगीत प्रस्तुति से होगी. इसके बाद रायगढ़ की कलाकार डॉ. दीपिका सरकार भरतनाट्यम की प्रस्तुति देंगी.

दिल्ली से आई मौमाला नायक अपने पांच सदस्यीय दल के साथ कथक प्रस्तुत करेंगी. इसके बाद दिल्ली की डॉ. यास्मीन सिंह और उनके 12 कलाकारों का समूह कथक की सामूहिक प्रस्तुति देगा. सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ मोती महल परिसर में कुश्ती के रोमांचक मुकाबले भी खेल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे. आयोजन समिति ने नागरिकों और खेल प्रेमियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर पहलवानों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है.

Check Also

Surajpur Suicide Case: पत्थरों से भरी बोरी पैरों में बांधकर युवक ने कुएं में लगाई छलांग, सूरजपुर में सनसनी

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *