केशकाल। बस्तर की लाइफ लाइन कहे जाने वाली केशकाल घाट में मंगलवार को ओवरटेकिंग की होड़ के चलते मेगा जाम लग गया। घाट के तीसरे मोड़ पर गाड़ी ख़राब होने से स्थिति बिगड़ी। इसके बावजूद घुमावदार और संकरे रास्ते पर वाहन चालकों द्वारा जल्दबाजी में एक-दूसरे से आगे निकलने के प्रयास ने यातायात व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। देखते ही देखते घाट मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित हो गया।
जाम के कारण अपने गंतव्य की ओर जा रहे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यात्री बसों में सफर कर रहे लोगों के साथ ही जरूरी काम से आवागमन करने वाले राहगीरों को भी काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। वहीं मालवाहक वाहनों के फंसने से परिवहन व्यवस्था भी प्रभावित हुई। घाट मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को जाम खुलने का इंतजार करना पड़ा।
ओवरटेकिंग पर नियंत्रण जरूरी
गौरतलब है कि केशकाल घाट बस्तर संभाग को प्रदेश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री एवं मालवाहक वाहनों का आवागमन होता है। घाट की भौगोलिक स्थिति और तीखे मोड़ों को देखते हुए यहां थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसके बावजूद कुछ वाहन चालक जल्दबाजी में ओवरटेकिंग करते हैं, जिससे न केवल जाम की स्थिति बनती है, बल्कि दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है।
दो एम्बुलेंस भी फसे, आपातकालीन सेवाएं प्रभावित
केशकाल घाट में ओवरटेकिंग के चलते लगे भीषण जाम ने यातायात व्यवस्था की गंभीर स्थिति उजागर कर दी है। जाम इतना लंबा और विकराल हो गया है कि आम वाहनों के साथ-साथ आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। स्थिति यह है कि मरीजों को लेकर जाने वाली एम्बुलेंस तक जाम से बाहर नहीं निकल पा रही है। घाट में वाहनों की लंबी कतारें लगने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे चिंताजनक स्थिति दो- दो एम्बुलेंस के फंसे होने की है, क्योंकि आपातकालीन परिस्थिति में मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाना बेहद जरूरी होता है। ऐसे में जाम के कारण उपचार में देरी होने की आशंका बनी हुई है।
तीसरे मोड़ पर एक वाहन हुआ खराब
केशकाल घाट के तीसरे मोड़ पर एक वाहन खराब हो जाने से स्थिति और बिगड़ गई। संकरे मोड़ पर वाहन खराब होने के चलते अन्य वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया और देखते ही देखते जाम ने विकराल रूप ले लिया। जाम में छोटे-बड़े वाहनों के साथ एम्बुलेंस भी फंसी रही, जिससे आपातकालीन सेवाओं को लेकर चिंता बढ़ गई। केशकाल घाट में बार-बार लगने वाला जाम अब आम लोगों के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं के लिए भी बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। ऐसे में घाट पर ओवरटेकिंग पर प्रभावी नियंत्रण और खराब वाहनों को तत्काल हटाने की व्यवस्था बेहद जरूरी हो गई है।
सख्त निगरानी जरूरी
स्थानीय लोगों एवं वाहन चालकों का मानना है कि, केशकाल घाट में नियमित यातायात निगरानी, ओवरटेकिंग पर सख्ती और जाम की स्थिति में त्वरित यातायात प्रबंधन की आवश्यकता है। यदि वाहन चालक नियमों का पालन करें और एक-दूसरे को रास्ता देने में संयम बरतें तो ऐसी परिस्थितियों से काफी हद तक बचा जा सकता है।
पुलिस विभाग ने संभाला मोर्चा, जाम खुलवाने में जुटी पुलिस टीम
केशकाल घाट में लगे मेगा जाम को खुलवाने के लिए पुलिस विभाग की टीम मौके पर सक्रिय हो गई है। पुलिस जवानों द्वारा मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और जाम में फंसे वाहनों को धीरे-धीरे निकालने का प्रयास किया जा रहा है। घाट के संकरे और घुमावदार रास्ते पर ओवरटेकिंग के कारण उत्पन्न हुई जाम की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मी वाहन चालकों को दिशा-निर्देश दे रहे हैं। पुलिस की सक्रियता से यातायात बहाल करने की कोशिश जारी है। वहीं पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से संयम बरतने और अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचने की अपील की है।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter