छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने दुर्ग स्थित भारती आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज को बड़ी राहत दी है। जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद की एकल पीठ ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में BAMS की 100 सीटों पर प्रवेश की अनुमति देने से इनकार करने वाले राष्ट्रीय भारतीय चिकित्सा प्रणाली आयोग (NCISM) के आदेश को रद्द कर दिया है।
हाईकोर्ट ने कॉलेज को 25 नवंबर से शुरू होने वाली स्ट्रे वैकेंसी राउंड की काउंसलिंग में शामिल करने का निर्देश दिया है। इससे कॉलेज की सभी 100 स्वीकृत सीटों पर प्रवेश का रास्ता साफ हो गया है।
कोर्ट ने चिकित्सा मूल्यांकन और रेटिंग बोर्ड के 2 जुलाई 2026 के आदेश को भी निरस्त कर दिया। इसके साथ ही पहली और दूसरी अपील खारिज करने संबंधी 12 अगस्त और 19 अक्टूबर 2026 के आदेश भी रद्द कर दिए।
निरीक्षण के दौरान प्राचार्य की गैरमौजूदगी पर हुआ था विवाद
कॉलेज ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर बताया कि संस्थान 2016-17 से बीएएमएस पाठ्यक्रम चला रहा है। कॉलेज को 100 सीटों पर प्रवेश के लिए लगातार अनुमति मिलती रही है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए भी विस्तारित अनुमति दी गई थी।
कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, 1 दिसंबर 2025 को अनुपालन रिपोर्ट पेश कर पहले बताई गई कमियों को दूर करने की जानकारी दी गई थी। इसमें शिक्षण और गैर-शिक्षण स्टाफ की नियुक्ति के साथ आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली के नियमों का पालन करने की बात कही गई थी।
इसके बाद 26 फरवरी 2026 को आयोग की दो सदस्यीय टीम अचानक निरीक्षण के लिए पहुंची। उस समय प्राचार्य पहले से तय एक सेमिनार में शामिल होने गए थे। कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि निरीक्षण की सूचना दोपहर करीब 2:55 बजे ईमेल से मिली थी। प्रबंधन ने अगले दिन निरीक्षण कराने का अनुरोध किया, लेकिन टीम ने इसे स्वीकार नहीं किया।
इसके बाद आयोग ने 19 मार्च को नोटिस जारी कर कॉलेज पर असहयोग का आरोप लगाया। कॉलेज ने 20 मार्च को जवाब के साथ प्राचार्य के सेमिनार में शामिल होने का प्रमाणपत्र, शपथपत्र और अन्य दस्तावेज भी पेश किए।
बिना आकलन के प्रवेश रोकने के आदेश को दी थी चुनौती
इसके बावजूद चिकित्सा मूल्यांकन एवं रेटिंग बोर्ड ने 2 जुलाई को शैक्षणिक सत्र 2026-27 में बीएएमएस की 100 सीटों पर प्रवेश की अनुमति देने से इनकार कर दिया।
कॉलेज ने इस आदेश को 2024 के विनियमों के खिलाफ बताते हुए पहली अपील की, लेकिन 12 अगस्त को इसे खारिज कर दिया गया। इसके बाद आयुष मंत्रालय के सचिव के सामने दूसरी अपील की गई। इसे भी 19 अक्टूबर को निरस्त कर दिया गया।
हाईकोर्ट बोला- कमियों का आकलन किए बिना प्रवेश रोकना गलत
हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान पाया कि कॉलेज को पहले ही विस्तारित अनुमति मिल चुकी थी। ऐसे में 2024 के विनियमों के नियम 54 और 55, खासकर नियम 55(9) में तय प्रक्रिया और उसके परिणामों पर विचार किए बिना प्रवेश रोकना उचित नहीं था।
कोर्ट ने यह भी पाया कि कॉलेज में बताई गई कमियों का सही तरीके से आकलन नहीं किया गया। प्राचार्य की अनुपस्थिति पर कॉलेज की ओर से दिए गए स्पष्टीकरण को खारिज करने के लिए भी ठोस कारण नहीं बताए गए। अपीलीय प्राधिकारियों ने भी कॉलेज के अहम तर्कों पर स्वतंत्र रूप से विचार नहीं किया।
25 नवंबर की काउंसलिंग में शामिल करने का आदेश
प्रवेश की अंतिम तारीख 30 नवंबर 2026 तय है। इसे देखते हुए हाईकोर्ट ने कॉलेज को 25 नवंबर से शुरू होने वाले अगले स्ट्रे वैकेंसी राउंड की काउंसलिंग में शामिल करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने आयोग को कॉलेज और उससे जुड़े शिक्षण अस्पताल का नए सिरे से निरीक्षण करने की छूट भी दी है।
निरीक्षण में सहयोग करना होगा, कमियां मिलने पर सुनवाई का मौका
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि कॉलेज को निरीक्षण के दौरान पूरा सहयोग करना होगा। यदि कोई कमी या नियमों का उल्लंघन मिलता है तो सक्षम प्राधिकारी को कानून के अनुसार कॉलेज को उचित समय देकर सुनवाई का अवसर देना होगा। इसके बाद ही कारण सहित आदेश पारित किया जा सकेगा। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि इस आदेश से कॉलेज को न्यूनतम आवश्यक मानकों का पालन करने से स्थायी छूट नहीं मिली है।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter