रायगढ़ में शादी का झांसा देकर युवती से संबंध बनाने का आरोप, सिंदूर भरकर घर लाया फिर शादी से मुकरा

रायगढ़ में युवक ने शादी का झांसा देकर 20 साल की युवती से शारीरिक संबंध बनाए। बाद में उसकी मांग में सिंदूर भरकर अपने साथ घर में रखने लगा।

युवती के परिजनों ने सामाजिक रीति-रिवाज से शादी करने की बात कही तो आरोपी ने शादी से इंकार कर दिया और युवती को जान से मारने की धमकी दी।

पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है।

ट्रेन से बिलासपुर ले गया
शुक्रवार को पीड़ित युवती ने महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि वह आरोपी सागर पटैल उर्फ छोटू (22), निवासी खरसिया को काफी समय से जानती थी।

जुलाई 2024 में सागर ने युवती को पसंद करने और उससे शादी करने की इच्छा जताई थी। इसके बाद युवती भी उसे पसंद करने लगी।

युवती ने जब सागर को बताया कि उसके परिजन इस रिश्ते के लिए सहमत नहीं होंगे, तब 7 सितंबर 2026 की रात आरोपी उसके घर पहुंचा और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

अगले दिन शादी करने की बात कहकर वह युवती को ट्रेन से बिलासपुर ले गया। वहां एक मंदिर में उसकी मांग में सिंदूर भरकर शादी होने की बात कही और अपने घर ले आया। इसके बाद युवती उसके घर में रहने लगी।

परिजनों ने शादी की बात कही तो करने लगा टालमटोल
युवती के परिजनों को जब इस बारे में जानकारी मिली तो उन्होंने सागर से सामाजिक रीति-रिवाज से शादी करने की बात कही। हालांकि, आरोपी लगातार शादी की बात टालता रहा।

बाद में उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। युवती और उसके परिजनों के अधिक दबाव बनाने पर आरोपी ने उसे जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी। इसके बाद युवती को एहसास हुआ कि आरोपी उससे शादी नहीं करना चाहता। उसने महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने घर पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ा
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 69 और 351(3) BNS के तहत केस दर्ज किया। इसके बाद महिला थाना की टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए खरसिया रवाना हुई। पुलिस टीम ने आरोपी के घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान अपराध स्वीकार करने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

SSP बोले- महिलाओं से जुड़े अपराधों पर तत्काल कार्रवाई
SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में पुलिस तत्काल कार्रवाई कर रही है। शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और पीड़िता को धमकाने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।

Check Also

जांजगीर-चांपा के सरकारी स्कूल में छोटे बच्चों से सफाई और मरम्मत का काम, वीडियो वायरल होने पर जांच के आदेश

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में सरकारी स्कूल में पहली से पांचवीं तक की कक्षाओं में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *