Bemetara Crime News: अवैध शराब के नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 10.69 लाख का माल जब्त; पांच आरोपी गिरफ्तार

बेमेतरा। जिले में अवैध शराब की बिक्री और सप्लाई के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया है। साइबर सेल, नांदघाट थाना और चंदनू पुलिस की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 535 पौवा अंग्रेजी शराब, शराब परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहन और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 10 लाख 69 हजार 200 रुपये बताई गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

मुखबिर की सूचना पर हुई पहली कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में कार्रवाई की शुरुआत 30 अक्टूबर को हुई। चंदनू पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम उसलापुर निवासी दिलीप बंजारे अपने घर में अवैध शराब रखकर बेच रहा है। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर उसके पास से गोवा अंग्रेजी शराब के 82 पौवा जब्त किए।

पूछताछ में दिलीप ने राजू साहू से शराब लाकर बेचने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने राजू साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में राजू के साथ मोतीलाल साहू और डोमन उर्फ हर्ष निषाद की भी अवैध शराब की सप्लाई में संलिप्तता सामने आई। इस मामले में शराब परिवहन के लिए इस्तेमाल की जा रही ईको कार और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

नांदघाट में 453 पौवा शराब बरामद
31 अक्टूबर को पुलिस ने ग्राम नयापारा करमसेन में कार्रवाई करते हुए मोतीलाल साहू के कब्जे से गोवा स्पेशल व्हिस्की के 453 पौवा बरामद किए। पूछताछ में पता चला कि मोतीलाल साहू और डोमन उर्फ हर्ष निषाद साझेदारी में बिलासपुर के एक व्यक्ति से शराब खरीदकर राजू साहू तक पहुंचाते थे। पुलिस ने डोमन निषाद के कब्जे से शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही सोल्ड एक्टिवा भी जब्त की।

बिलासपुर से गिरफ्तार हुआ सप्लायर
मामले की जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने 2 नवंबर को बिलासपुर निवासी मनोज यादव को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक स्कॉर्पियो और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। शुरुआती पूछताछ में मनोज यादव ने राजा भाठिया के संपर्क के जरिए शराब प्राप्त करने की बात कही है। पुलिस अब शराब की सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

शराब की बोतलों पर नहीं मिला शासन का होलोग्राम
जांच के दौरान जब्त शराब में गंभीर अनियमितताएं भी सामने आईं। चंदनू मामले में बरामद 82 पौवा गोवा अंग्रेजी शराब में से 68 बोतलों पर शासन का होलोग्राम नहीं मिला। वहीं, नांदघाट मामले में जब्त 453 पौवा गोवा स्पेशल व्हिस्की की बोतलों पर भी शासन का होलोग्राम नहीं लगा था। पुलिस के अनुसार, बोतलों पर चिपकाए गए रेपर भी कूटरचित पाए गए हैं। इन अनियमितताओं के आधार पर मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 36 के साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

पांच आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36 और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा, नांदघाट थाना प्रभारी निरीक्षक लेखराम ठाकुर और चंदनू थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र मानिकपुरी सहित पुलिस टीमों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।

Check Also

Durg में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का बड़ा खुलासा, राजा गार्डन में पुलिस की रेड; दो आरोपी गिरफ्तार

Durg Online Betting Bust: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से इस वक्त की बड़ी खबर आ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *