जगदलपुर के कपड़ा शोरूम की छत पर मिली युवती की लाश, परिजनों ने उठाए गंभीर सवाल

जगदलपुर। बस्तर जिले के जगदलपुर में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बाफना लाइफस्टाइल कपड़ा शोरूम की छत पर कर्मचारी दीपा सागर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती के परिजनों ने उसके शरीर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

21 अक्टूबर से शोरूम में काम कर रही थी युवती
मिली जानकारी के मुताबिक, दीपा सागर ने 21 अक्टूबर को बाफना लाइफस्टाइल शोरूम में काम शुरू किया था। परिजनों के अनुसार, रविवार शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच उनकी दीपा से फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान उसने कहा था कि वह अभी बात नहीं कर सकती और बाद में फोन करेगी। इसके बाद परिवार का उससे संपर्क नहीं हो पाया। रात करीब 9:30 बजे तक दीपा के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने शोरूम के कर्मचारियों से संपर्क किया। कर्मचारियों ने बताया कि दीपा शाम करीब 6:30 बजे से दिखाई नहीं दे रही है और उसका मोबाइल फोन प्रतिष्ठान में ही छूट गया है। बाद में कर्मचारी उसका मोबाइल लेकर घर पहुंचे। परिजन उसकी तलाश में बाफना हाउस भी पहुंचे, लेकिन उस समय प्रतिष्ठान बंद मिला।

शरीर पर चोट के निशान होने का परिजनों का दावा
परिजनों का कहना है कि अगले दिन सुबह उन्हें दीपा की मौत की जानकारी मिली। शोरूम की छत पर उसका शव मिला था। परिवार ने दावा किया कि युवती के हाथों और शरीर पर चोट तथा नाखून जैसे निशान दिखाई दे रहे थे। इसी आधार पर उन्होंने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों ने यह सवाल भी उठाया है कि दीपा शाम से कहां थी और उसकी तलाश के दौरान प्रतिष्ठान की ओर से स्पष्ट जानकारी क्यों नहीं दी गई। सीसीटीवी फुटेज समय पर उपलब्ध नहीं कराए जाने को लेकर भी परिवार ने नाराजगी जाहिर की है।

पुलिस को मिला सुसाइड नोट, सभी पहलुओं पर जांच
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

टीआई ने दी मामले की जानकारी
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के मुताबिक, शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका सामने आई है। घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट मिलने की जानकारी भी दी गई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह और परिस्थितियों का खुलासा विस्तृत जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

Check Also

Durg में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का बड़ा खुलासा, राजा गार्डन में पुलिस की रेड; दो आरोपी गिरफ्तार

Durg Online Betting Bust: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से इस वक्त की बड़ी खबर आ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *