Bilaspur Traffic: गणेश विसर्जन के दो दिनों में शहर की सड़कों पर जुलूस और झांकियों के साथ वाहनों का दबाव बढ़ेगा. इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने 24 और 25 सितंबर के लिए रूट प्लान जारी किया है. शहर में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए पचरी घाट और सरकंडा का छठ घाट निर्धारित किए गए हैं. इन दोनों मार्गों तक पहुंचने वाले कई कनेक्टिंग रास्तों पर जरूरत के अनुसार वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित या डायवर्ट किया जाएगा.
जुलूस के दौरान रूट डायवर्ट
यातायात पुलिस के अनुसार कोतवाली, सिविल लाइन, तोरवा और तिफरा क्षेत्र से निकलने वाली झांकियां और जुलूस पचरी घाट की ओर जाएंगे, जबकि सरकंडा, मोपका और आसपास के क्षेत्रों की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए छठ घाट का रूट तय किया गया है. जुलूस के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आयोजकों से पर्याप्त संख्या में वालंटियर रखने को कहा गया है, जो यातायात पुलिस के साथ व्यवस्था संभालेंगे.
विसर्जन रैली के लिए देवकीनंदन चौक, राघवेंद्र तिराहा, सिम्स चौक, कोरोना चौक, मिशन चौक, अमरनाथ गोल बाजार चौक, कोतवाली चौक, जवाली नाला चौक, हटरी चौक, पचरी घाट और गांधी चौक प्रमुख रूट निर्धारित किए गए हैं. इनसे जुड़ने वाले कनेक्टिंग मार्गों पर यातायात को आवश्यकतानुसार परिवर्तित किया जाएगा. यातायात पुलिस ने नागरिकों से रैली के दौरान इन मार्गों पर अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की है.
छठ घाट जाने के लिए भी बदलेगा रास्ता
छठ घाट क्षेत्र में प्रतिमा विसर्जन के लिए महमंद मोड़, पावर हाउस चौक, मोपका तिराहा, बसंत चौक, राजकिशोर नगर तिराहा, शनि मंदिर और छठ घाट तिराहा समेत कई स्थानों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा. भीड़ और वाहनों का दबाव बढ़ने पर कुछ मार्गों पर प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित भी किया जा सकता है. पेट्रोल पंप, सिम्स चौक के कनेक्टिंग मार्ग, लखीराम आडिटोरियम मार्ग, मिशन चौक, कोरोना चौक, काली मंदिर खापरगंज, तेलीपारा रोड, लालबहादुर शास्त्री-वाल्मीकि चौक, जवाली पुल चौक, लाइफ केयर अस्पताल मार्ग, गांधी चौक और जूना बिलासपुर क्षेत्र में भी यातायात व्यवस्था के अनुसार बदलाव किया जाएगा.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter