Breaking News

PM Modi के 25 साल पूरे, BJP का मेगा ‘सेवा संकल्प’ अभियान; छत्तीसगढ़ में जलेंगे 36 लाख दीप, 17 सितंबर से शुरुआत

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में एक महीने तक विशेष अभियान चलाने जा रही है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से होगी, जो 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान मोदी सरकार की नीतियों, योजनाओं और पिछले 25 वर्षों की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

छत्तीसगढ़ में अभियान को लेकर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रदेशभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक बूथ पर 100 दीप जलाए जाएंगे। इस हिसाब से प्रदेश में करीब 36 लाख दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति समर्थन और शुभकामनाएं व्यक्त की जाएंगी।

मशाल यात्रा के साथ LED स्क्रीन पर दिखेगी उपलब्धियों की झलक
अभियान के तहत ‘सेवा ज्योति यात्रा’ भी निकाली जाएगी। इसके माध्यम से जिला मुख्यालयों के प्रमुख स्थानों तक मशाल पहुंचाई जाएगी। यहां LED स्क्रीन लगाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। विजय शर्मा के मुताबिक 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर भी पार्टी स्तर पर तैयारियां की जाएंगी।

वडनगर से वाराणसी तक युवाओं की यात्रा
‘सेवा संकल्प अभियान’ में युवाओं को भी जोड़ा जाएगा। इसके लिए युवाओं की टोलियां वडनगर से वाराणसी तक यात्रा करेंगी। यह यात्रा छत्तीसगढ़ के कवर्धा और कोरिया से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन होगा और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

रंगोलियों के जरिए दिखेगा विकास का सफर
अभियान में ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत भाजपा कार्यकर्ता अलग-अलग जनहित के कार्यों में भाग लेंगे। वहीं ‘सेवा के रंग’ कार्यक्रम में सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों पर आधारित रंगोलियां बनाई जाएंगी। इसके जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों और देश में हुए बदलावों को रचनात्मक तरीके से लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

पंच से संसद तक की टीम होगी ‘जनसेवक महाकुंभ’ में शामिल
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर ‘जनसेवक महाकुंभ’ का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें पंच से लेकर संसद तक जनप्रतिनिधियों की टीम शामिल होगी। इसके अलावा ‘25 साल की 25 कहानियां’ अभियान के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के अलग-अलग पड़ावों, महत्वपूर्ण फैसलों और देश में आए बदलावों को जनता के सामने रखा जाएगा।

पीएम मोदी ने विकासकार्यों को जनता तक पहुंचाया
भाजपा का कहना है कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य केवल कार्यक्रमों का आयोजन करना नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और उनके नेतृत्व में हुए विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाना है। साथ ही विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से जनभागीदारी और सेवा भावना का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।

Check Also

छत्तीसगढ़ में गहराया बिजली संकट, चार राज्यों से खरीदनी पड़ रही, ग्रामीण इलाकों और औद्योगिक क्षेत्र में बेहिसाब कटौती, प्रबंधन से जुड़े अफसरों की मनमानी से बेहाल हुआ सरप्लस बिजली वाला राज्य

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली की मांग में भारी बढ़ोतरी के चलते खासकर पीक आवर्स में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *