Breaking News

विश्रामपुर में बैंक और मोबाइल दुकान में सेंधमारी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, 3.70 लाख का सामान बरामद

सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग सेंधमारी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 3 लाख 70 हजार रुपए का चोरी का सामान बरामद किया गया है। घटनाओं में बैंक में चोरी का प्रयास और मोबाइल दुकान में सेंधमारी की वारदात शामिल है।

पहली घटना ग्रामीण बैंक कुम्दा में सेंधमारी के प्रयास से जुड़ी है। बैंक के शाखा प्रबंधक धीरेन्द्र मौर्य ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 मार्च की शाम बैंक बंद किया गया था। 5 मार्च की सुबह बैंक खुलने पर कर्मचारियों ने देखा कि पीछे की दीवार में सेंध लगी हुई है। तिजोरी कक्ष का हैंडल भी टूटा हुआ था और सीसीटीवी कैमरे के तार कटे हुए मिले। अज्ञात चोर बैंक के अंदर घुसकर तिजोरी खोलने की कोशिश कर चुके थे।

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कुम्दा कॉलोनी निवासी राजेन्द्र चतुर्वेदी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बैंक में सेंधमारी का प्रयास करने की बात स्वीकार की। उसने 4 मार्च की रात नरेश के गैरेज का ताला तोड़कर करीब एक लाख रुपए के 36 सामान चोरी करने की घटना भी कबूल की। आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल किया गया सब्बल बरामद किया गया।

दूसरी घटना में श्रीराम मोबाइल शॉप में सेंधमारी कर मोबाइल चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। दुकान संचालक अमित सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 फरवरी की रात दुकान के पीछे की दीवार तोड़कर चोर 17 नए और 10 पुराने मोबाइल फोन चोरी कर ले गए थे।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अभिषेक गुप्ता उर्फ गोलू और विमल उर्फ नान बाउ को पकड़कर पूछताछ की। दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर करीब 2 लाख 70 हजार रुपए कीमत के 27 मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल किया गया गैंता बरामद किया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

Check Also

CG Monsoon Session Live: मानसून सत्र का दूसरा दिन, सदन में उठा जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने और टंकी निर्माण का मुद्दा

छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू हुई. इस …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *