Bhupesh Baghel Big Statement: छत्तीसगढ़ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर सियासत हो रही है. वहीं इस पूरे मामले पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का एक बड़ा बयान सामने आया है, जिसने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है. पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि किसको अध्यक्ष बनाना है हाई कमान जाने.
किसको अध्यक्ष बनाना है हाई कमान जाने – भूपेश बघेल
वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चल रही राजनीतिक बयानबाजी के बीच भूपेश बघेल ने कहा कि दीपक बैज पिछले तीन-साढ़े तीन साल से छत्तीसगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष हैं और पूरी पार्टी उनके नेतृत्व में काम कर रही है. वहीं उन्होंने आगे कहा कि किसे नेता प्रतिपक्ष बनाना है और किसे पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाना है, यह सब तय करना हाई कमान का काम है. इसलिए मैं इन सब चीजों में अपनी बुद्धि नहीं लगाता.
कैसे शुरु हुई सियासत?
दरअसल, पूर्व डीप्टी टीएस सिंहदेव ने बीते दिनों एक बयान दिया था कि अगर पार्टी उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देती है, तो वे उसे निभाने के लिए तैयार हैं. वे छत्तीसगढ़ के लिए ही काम करेंगे. इस पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बयान दिया था कि, बाबा साहब बड़े नेता हैं, उन्हें दिल्ली में जाकर काम करना चाहिए. प्रदेश में युवाओं को मौका मिलना चाहिए.
इस पर टीएस सिंहदेव ने यह भी कहा था कि, हर कांग्रेसी की पहली जिम्मेदारी अपने संगठन और क्षेत्र को मजबूत करना है. उन्होंने इशारों में यह भी कहा था कि बड़े नेताओं की बात हो रही है तो यह भी देखना चाहिए कि कौन चुनाव जीता और कौन हारा. उन्होंने कहा था कि, वे लगातार प्रदेशभर में लोगों से मुलाकात कर रहे हैं और पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे निभाने के लिए तैयार हैं.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter