Breaking News

कोलियरी–खरेंगा–दोनर मार्ग बंद : हजारों लोगों की बढ़ी परेशानी, प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग

धमतरी। जिले के कोलियरी–खरेंगा–दोनर मार्ग पर सारंगपुरी के पास निर्माणाधीन पुलिया और सड़क का काम क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार द्वारा वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था नहीं किए जाने से कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क लगभग टूट गया है। इससे स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को रोजाना भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

शनिवार को रोड संघर्ष समिति के संरक्षक, पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने निर्माण कार्य में बरती जा रही कथित लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि ठेकेदार से संपर्क करने का कई बार प्रयास किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश और बढ़ गया है।

लोगों को दिक्क्तों का करना पड़ता है सामना
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क बंद होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। मरीजों और बुजुर्गों को अस्पताल पहुंचने में घंटों की मशक्कत करनी पड़ रही है, जबकि किसानों को कृषि कार्य और उपज के परिवहन में भी भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। बारिश के चलते मार्ग और अधिक जोखिम भरा हो गया है, जिससे किसी भी समय गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
रोड संघर्ष समिति ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (PWD) से मांग की है कि निर्माण कार्य को युद्धस्तर पर पूरा कराया जाए। साथ ही, जब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक वैकल्पिक मार्ग या अस्थायी पुल की व्यवस्था तत्काल की जाए। समिति ने निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की है।

समिति ने उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
समिति ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र के ग्रामीण जनहित में उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी अप्रिय परिस्थिति की जिम्मेदारी संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी की होगी।

ये वरिष्ठ लोग रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान संरक्षक दयाराम साहू, संयोजक हीरेंद्र साहू, मनोज साहू सहित समिति के अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने निर्माण कार्य की धीमी गति और अव्यवस्थित व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

Check Also

Raipur Ganesh Chaturthi: 50 हजार से ज्यादा सिक्कों से सजे ‘सिक्कों वाले बप्पा’, देवपुरी की अनोखी गणेश प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र

रायपुर. गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर राजधानी रायपुर में इस बार भक्ति और कला …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *