Breaking News

नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का खुलासा, तीन महिलाएं गिरफ्तार, रायपुर पुलिस ने किया गिरोह का पर्दाफाश, ओडिशा की महिला को बच्चा बिकवाने का दिया था झांसा; 20 फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बरामद

रायपुर। राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त से जुड़े गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अहिल्या नामदेव, दीपिका नाग और कृतिका साहू शामिल हैं। पुलिस की जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त के लिए कथित तौर पर संगठित तरीके से काम कर रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी कृतिका साहू ने ओडिशा की एक महिला को बच्चा बिकवाने का झांसा दिया था। पीड़िता को रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में रखा गया था। बताया जा रहा है कि कृतिका साहू ने महिला के प्रसव का खर्च भी उठाया था। इस पूरे मामले में पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।

जांच के दौरान कृतिका साहू के पास से कई बच्चों के फोटो भी मिलने की जानकारी सामने आई है। इससे पुलिस को आशंका है कि गिरोह के तार अन्य मामलों से भी जुड़े हो सकते हैं। आरोपी कथित तौर पर बच्चों के जन्म से संबंधित दस्तावेजों में हेराफेरी कर फर्जी जन्म प्रमाण पत्र भी बनवाते थे। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 20 जाली जन्म प्रमाण पत्र बरामद किए हैं।

मामले में दो अस्पताल भी संदेह के घेरे में हैं। पुलिस इन अस्पतालों की भूमिका और वहां होने वाले प्रसव तथा जन्म प्रमाण पत्र जारी करने से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है। गिरफ्तार तीनों महिलाओं से पूछताछ कर गिरोह के नेटवर्क, अन्य संभावित पीड़ितों और बच्चों की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अब तक कितने नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त की गई और इस अवैध गतिविधि में कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार कराने के पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

Check Also

साय कैबिनेट के बड़े फैसले: ग्रामीण नलजल योजनाओं के लिए नए नियम मंजूर, अबूझमाड़िया छात्रों की उच्च शिक्षा पर खर्च होंगे 40.98 करोड़

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय की अध्यक्षता में बुधवार को यहां सिविल लाईन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *