Breaking News

इंदौर में भारत-न्यूजीलैंड वनडे मुकाबला 18 जनवरी को, तीन जनवरी से ऑनलाइन मिलेंगे टिकट

भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला 18 जनवरी को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच के लिए मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने टिकट बिक्री की प्रक्रिया और दरें घोषित कर दी हैं। टिकटों की ऑनलाइन बिक्री तीन जनवरी से शुरू होगी।

सीरीज के पहले दो वनडे मुकाबले 11 जनवरी को बड़ौदा और 14 जनवरी को राजकोट में खेले जाएंगे। इंदौर में होने वाले मुकाबले के लिए सभी टिकट केवल ऑनलाइन माध्यम से ही उपलब्ध कराए जाएंगे। दर्शक डिस्ट्रिक्ट एप के माध्यम से टिकट खरीद सकेंगे। बिक्री सुबह पांच बजे से शुरू होगी और टिकट उपलब्ध रहने तक जारी रहेगी।

इस बार टिकटों की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। सबसे सस्ता टिकट ईस्ट स्टैंड के लोअर चेयर्स के लिए 800 रुपये रखा गया है, जबकि सबसे महंगा टिकट साउथ पैवेलियन लोअर हॉस्पिटैलिटी का है, जिसकी कीमत 9 हजार रुपये तय की गई है। एक व्यक्ति एक बार में अधिकतम चार टिकट ही खरीद सकेगा। ऑनलाइन बुकिंग के बाद टिकट कूरियर के जरिए दर्शकों तक पहुंचाए जाएंगे।

एमपीसीए ने स्पष्ट किया है कि तीन वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों के लिए भी टिकट अनिवार्य होगा और उन्हें स्टेडियम में अलग सीट दी जाएगी। इससे पहले दिव्यांगजनों और स्टूडेंट कंसेशन के लिए रखे गए टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग के दौरान वेबसाइट पर भारी दबाव देखने को मिला था।

दिव्यांगजनों और छात्रों के लिए कुल 1500 टिकट उपलब्ध कराए गए थे। बुकिंग शुरू होने के कुछ ही मिनटों में टिकट समाप्त हो गए, जिससे वेबसाइट और एप पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया। एमपीसीए का कहना है कि मुख्य टिकट बिक्री के दौरान व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा, ताकि दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न हो।

Check Also

Womens Asia Cup 2026: चैंपियन बनकर भी मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने नहीं पहुंची Team India, BCCI ने बताई पूरी वजह

Womens Asia Cup 2026 Final: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए एशिया कप …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *