Breaking News

Indore Tree Fall: डिप्टी कलेक्टर की मां पर काल बनकर गिरा 70 साल पुराना पेड़, कार में दबकर मौत

Indore News: इंदौर के DRP लाइन चौराहे के पास सोमवार शाम बड़ा हादसा हो गया. सड़क किनारे खड़ा करीब 70 साल पुराना विशाल पेड़ अचानक एक कार पर जा गिरा. हादसे में डिप्टी कलेक्टर पूर्णिमा सिंगी की मां राधा देवी सिंगी (75) की मौत हो गई. वह मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराने के बाद परिवार के साथ घर लौट रही थीं.

कार में चार लोग थे, एक की मौत
हादसे के वक्त कार में राधा देवी के साथ उनके पोते प्रखर सिंगी (29), वैशाली जायसवाल (53) और ड्राइवर मुकेश पालीवाल (45) मौजूद थे. पुलिस के मुताबिक, शाम करीब 4.30 बजे पेड़ का भारी हिस्सा कार पर आ गिरा. इससे राधा देवी का सिर और गर्दन दब गई. गंभीर चोटों के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.

सवा घंटे की मशक्कत के बाद निकाला शव
हादसे के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने पेड़ हटाने की कोशिश की, लेकिन भारी तना नहीं हट सका. इसके बाद नगर निगम की टीम ने कटर की मदद से पेड़ को काटना शुरू किया. करीब सवा घंटे की मशक्कत के बाद शव को कार से बाहर निकाला गया. पेड़ के सड़क पर गिरने से यातायात भी प्रभावित रहा.

जर्जर पेड़ को लेकर पहले भी शिकायत का दावा
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि पेड़ लंबे समय से कमजोर और खतरनाक स्थिति में था. इसकी जानकारी नगर निगम के कंट्रोल रूम तक भी पहुंचाई गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है. हादसे के बाद अब शहर में सड़क किनारे खड़े पुराने पेड़ों की स्थिति और उनकी नियमित जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

बैठक में थीं डिप्टी कलेक्टर, सूचना मिलते ही पहुंचीं
हादसे के समय डिप्टी कलेक्टर पूर्णिमा सिंगी संभागायुक्त भास्कर लक्षकार की बैठक में मौजूद थीं. हादसे की जानकारी मिलते ही वह बैठक छोड़कर घटनास्थल पर पहुंचीं. संभागायुक्त ने भी बैठक निरस्त कर पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों को मौके पर भेजा.

राहत कार्य में देरी का परिवार ने लगाया आरोप
परिवार की ओर से आरोप लगाया गया कि हादसे के बाद जेसीबी और कटर के साथ नगर निगम की टीम को मौके पर पहुंचने में काफी समय लगा. इस बीच स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर पेड़ हटाने का प्रयास किया, लेकिन भारी तने के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली.

Check Also

Sagar Poisonous Liquor: जहरीली शराब से 19 मौतों के बाद हड़कंप, 112 अस्पताल में भर्ती; 30 नामजद, 10 आरोपी गिरफ्तार

मध्यप्रदेश: सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से मौतों का आंकड़ा बढ़कर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *