रायपुर। महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर मोदी सरकार एक बार फिर संसद में बड़ा दांव खेलने की तैयारी में है। अप्रैल 2026 में संविधान संशोधन विधेयक जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं जुटा पाने के कारण लोकसभा में गिर गया था। अब सात महीने बाद सरकार नए सियासी समीकरणों के बीच फिर से कोशिश कर सकती है।
संसद का सत्र 30 नवंबर से शुरू होने की तैयारी है। सरकार की नजर लोकसभा और राज्यसभा में जरूरी समर्थन जुटाने पर है। लोकसभा में फिलहाल 540 सांसदों के हिसाब से विधेयक पास कराने के लिए 360 वोट चाहिए, जबकि एनडीए के पास करीब 319 सांसद बताए जा रहे हैं। राज्यसभा में भी दो-तिहाई बहुमत के आंकड़े से एनडीए पीछे है।
इस बीच विपक्षी खेमे में कई बदलाव हुए हैं। टीएमसी के बागी सांसदों, शिवसेना (यूबीटी) के कुछ सांसदों और आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसदों के पाला बदलने से संसद का गणित प्रभावित हुआ है। अकाली दल की एनडीए में वापसी से भी सरकार को मजबूती मिली है।
अब सरकार की नजर डीएमके, शरद पवार गुट और अन्य क्षेत्रीय दलों के समर्थन पर है। इन दलों के रुख से विधेयक का भविष्य तय हो सकता है। सवाल यही है कि क्या सात महीने में बदले समीकरण मोदी सरकार को इस बार दो-तिहाई बहुमत दिला पाएंगे?
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter